दिल्ली। दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में कल एक नाबालिग लड़की साक्षी के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया, जिसने हर किसी को झंकझोर कर रख दिया है। इस मामले में आरोपी साहिल खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच पता चला है कि साहिल ने अपनी असली पहचान छिपाकर साक्षी से दोस्ती की थी और अब उसका सच साक्षी को पता चल गया था था। उसकी दो तस्वीर सामने आई हैं जिसमें वह रुद्राक्ष की माला पहने नजर आ रहा है और उसके हाथ में कलावा बंधा है।
साक्षी की हत्या के बाद आरोपी साहिल मौके से फरार हो गया और यूपी के बुलंदशहर अपनी बुआ के घर चला गया था, जहां से दिल्ली पुलिस ने कल ही उसको दबोच लिया। दिल्ली पुलिस इस हत्याकांड की जांच लव जिहाद के एंगल से भी कर रही है। दरअसल बुलंदशहर से साहिल को जब गिरफ्तार किया गया तो उसके हाथ में कलावा था। उसकी एक दूसरी तस्वीर में रुद्राक्ष की माला पहनी हुई है, यह तस्वीर उसके इन्स्टाग्राम अकाउंट पर मौजूद है। स्थानीय लोगों का कहना है कि साहिल की इलाके में पहचान सन्नी के रूप में थी। वह लोगों को अपना यही नाम बताता था। बताया जा रहा है कि साक्षी को उसकी असली पहचान पता चल गई थी और इस वजह से उसने दूरी बना ली थी। साक्षी के एक दोस्त ने पुलिस को बताया कि खान इसलिए गुस्से में था क्योंकि अब साक्षी ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। वह अपने पुराने दोस्त प्रवीण से बातचीत करती थी। साहिल इस बात से जलने लगा था।
बता दें रविवार रात सरेराह एक दरिंदे ने चाकू से ताबड़तोड़ करीब 20 बार गोदकर किशोरी की हत्या कर दी और लोग तमाशबीन बने रहे। साक्षी (16) के सिर पर साहिल (20) ने पत्थर से भी छह बार वार किए। फिर उसे लात मारकर निकल गया। पुलिस ने उसे सोमवार को बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साक्षी के शरीर पर चाकू के 16 घाव मिले हैं और खोपड़ी भी टूटी पाई गई है।
वारदात उत्तरी दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में हुई है। साक्षी का परिवार इसी इलाके के जेजे कॉलोनी में रहता है। साक्षी ने इस साल 10वीं की परीक्षा पास की थी। पिछले कुछ महीने से वह कॉलोनी में ही अपनी सहेली के साथ रह रही थी। रविवार रात वह अपनी सहेली के बेटे के जन्मदिन की पार्टी में जा रही थी। उसी दौरान गली में साहिल ने उसे रोक लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
दरिंदगी से भरी इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ है। घनी आबादी वाले मोहल्ले की व्यस्त गली में किशोरी पर साहिल ताबड़तोड़ हमला करते नजर आ रहा है। लोग आसपास से निकल रहे हैं, लेकिन कोई लड़की को बचाने की कोशिश तक नहीं कर रहा। साहिल के जाने के बाद गंभीर रूप से घायल साक्षी को लोगों ने पास के अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।