नए संसद भवन के उद्घाटन पर 75 रुपए का सिक्का जारी करेगी सरकार

नई दिल्ली। पीएम मोदी 28 मई को नए संसद भवन का उद्घाटन करने वाले हैं। इस खास अवसर पर 75 रुपये का एक सिक्का भी लॉन्च किया जाएगा। केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने संसद भवन के उद्घाटन के उपलक्ष्य में 75 रुपये के सिक्के की ढलाई की जानकारी दी।

वित्त मंत्रालय ने जो नोटिस जारी किया है, उसके मुताबिक यह 75 रुपए का सिक्का गोलाकार होगा और इसका क्षेत्रफल 44 मिलीमीटर होगा। इस सिक्के के किनारों पर 200 कंगूरे बनाए गए हैं। सिक्के पर सत्यमेव जयते लिखा होगा और साथ ही सिक्के पर अशोक स्तंभ भी उकेरा जाएगा। सिक्के की बांयी तरफ देवनागरी भाषा में भारत और इंग्लिश में इंडिया लिखा होगा। उसी तरह सिक्के के ऊपरी तरफ देवनागरी भाषा में संसद भवन लिखा होगा और साथ ही इसके नीचे संसद भवन परिसर की तस्वीर छपी होगी। सिक्के का डिजाइन संविधान की पहली अनुसूची के अनुसार किया गया है।

किन धातुओं से बना?
75 रुपये के इस सिक्के पर संसद परिसर की छवि होगी। ये सिक्का 44 मिलीमीटर व्यास का होगा। सिक्के में 50% चांदी, 40% तांबा, 5% निकल और 5% जस्ता का मिश्रण होगा। इसका वजन 35 ग्राम होगा। कोलकाता की टकसाल में ये सिक्का बनाया गया है।

ऐसा है नया संसद भवन
नए संसद भवन को तिकोने आकार में डिजाइन किया गया है। नए संसद भवन की लोकसभा में 888 सीटें हैं और विजिटर्स गैलरी में 336 से ज्यादा लोगों के बैठने का इंतजाम है। वहीं नई राज्‍यसभा में 384 सीटें हैं और विजिटर्स गैलरी में 336 से ज्‍यादा लोगों के बैठने की क्षमता है। नए संसद भवन को बनाने में भारतीय परंपरा के साथ-साथ आधुनिकता का ख्याल रखा गया है। इसके परिसरों को विभिन्न अत्याधुनिक तकनीकों से लैस किया गया है।

तमिलनाडु के आधीनम पीएम को सौंपेंगे सेंगोल
नए भवन के परिसर में सुबह करीब सात बजे हवन होगा। तमिलनाडु के आधीनमों (महंतो) द्वारा प्रधानमंत्री को सेंगोल सौंपा जाएगा। इसके लिए वहां से 20 आधीनम विशेष तौर पर आमंत्रित किए गए हैं। इस सेंगोल को नए संसद भवन में अध्यक्ष के आसन के पास स्थापित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, राज्यसभा के पूर्व सभापति हरिवंश समेत विभिन्न गणमान्य लोगों की उपस्थिति में दोपहर से नए भवन के उद्घाटन का औपचारिक कार्यक्रम प्रारंभ होगा।

Exit mobile version