मेरठ में पति और टीचर पत्नी का मर्डर, बेड पर मिली दोनों की लाश

मेरठ। यूपी के मेरठ जिले में नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर में घर के अंदर दंपती की गला रेत कर हत्या कर दी गई है। मंगलवार सुबह खून से लथपथ दोनों की लाश कमरे में बेड पर पड़ी थी। धारदार हथियार से हमला किया गया है। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस की क्राइम ब्रांच, सर्विलांस और फॉरेंसिक टीमें जांच कर रही है।

शास्त्री नगर सेक्टर 6 निवासी प्रमोद साहिबाबाद की लोहा फैक्ट्री में काम करते थे। उनकी पत्नी ममता BDS स्कूल में टीचर थीं। घर के नीचे ग्राउंड फ्लोर पर प्रमोद के माता-पिता रहते हैं। ऊपर की मंजिल में प्रमोद अपनी पत्नी के साथ रहते थे। प्रमोद के दो बच्चे आर्यन और कनिष्का गुड़गांव में जॉब करते हैं। आर्यन मेरठ के कॉलेज से बीएसई कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई भी कर रहा है। मंगलवार को बेटे ने पिता प्रमोद के मोबाइल पर कॉल किया। कई रिंग के बाद भी फोन नहीं उठा फिर बेटे ने पड़ोस के परिवार को फोन किया। उसने कहा कि मम्मी, पापा फोन नहीं उठा रहे हैं। आप मेरी बात करा दीजिए।

पड़ोसी शिवम ने जाकर घर का दरवाजा खटखटाया तो करीब 3 मिनट के बाद बुजुर्ग विनोद बाला ने दरवाजा खोला। शिवम ने तबीयत पूछी तो वह कुछ ठीक जवाब नहीं दे पाई। यहां से शिवम प्रथम तल पर पहुंचा, जहां कमरे का दृश्य देखकर वह हैरान रह गया। बेडरूम में प्रमोद और ममता के शव बेड पर पड़े हुए थे। उसके बाद शिवम ने शोर मचा कर आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे की जांच की। यहां सामान अस्त-व्यस्त नहीं मिला। नीचे खड़ी स्कूटी गायब थी। घर का मेन गेट बंद था। ऊपर की मंजिल के सभी दरवाजे खुले थे।कमरे में मिला लैपटॉप ऑन था। पुलिस को सामने का दरवाजा बंद मिला। लेकिन पीछे की तरफ का दरवाजा खुला हुआ था। माना जा रहा है कि कत्ल के बाद कातिल यहीं से बाहर गया था। प्रमोद के बुजुर्ग पिता मंगलवार दोपहर 12 बजे तक नींद से नहीं उठे। जबकि उनकी मां भी लड़खड़ा रही थीं। ऐसा माना जा रहा है कि खाने में नशीली दवा मिलाई गई थी। जिसकी वजह से प्रमोद, ममता और उनके माता-पिता बेहोश ही रहे।

एसपी सिटी पीयूष कुमार ने बताया कि फिलहाल दंपती के साथ खून से लथपथ हालत में मिले हैं। अभी जानकारी जुटाई जा रही है कि हत्या की वजह क्या है। सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। साथी आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने फिलहाल दंपती के मोबाइल कब्जे में ले लिए हैं। और फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version