‘भारत को बदनाम करने का अभियान चला रहा न्यूयॉर्क टाइम्स…’, भड़के अनुराग ठाकुर

File Photo

नई दिल्ली। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने न्यूयॉर्क टाइम्स (एनवाईटी) के अध्यक्ष एजी सुल्जबर्गर के हालिया बयान को लेकर फटकार लगाई है। गुरुवार को एनवाईटी की आलोचना करते हुए ठाकुर ने कहा कि वह भारत के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान चला रहा है।

विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर यूनेस्को के एक कार्यक्रम में न्यूयॉर्क टाइम्स (एनवाईटी) के अध्यक्ष एजी सुल्जबर्गर शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने भारत में पत्रकारों की स्थिति को लेकर विवादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भारत में केंद्रीय अधिकारियों ने समाचार कक्षों पर छापा मारा और पत्रकारों के साथ बुरा सलूक किया। उनके इसी बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री ने फटकार लगाई है।

क्या बोले अनुराग ठाकुर
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने जोर देकर कहा कि भारत में कानून अपना काम करता है अगर कोई कुछ गलत करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होती है। यहां कोई भी मीडिया संगठन होने की स्थिति का हवाला देते हुए गैरकानूनी कामों से छूट नहीं ले सकता। केंद्रीय मंत्री ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि कोई भी जांच प्रेस पर हमले के बराबर कैसे हो जाती है। एनवाईटी पर भारत के खिलाफ दुष्प्रचार कैंपेन चला रहा है। केंद्रीय मंत्री ने आगे आरोप लगाया कि अपने इसी अभियान के तहत तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश के लिए उन्होंने यूनेस्को पोडियम का गलत इस्तेमाल किया।

अनुराग ठाकुर ने ट्वीट में लिखा कि भारत के वैश्विक उत्थान और उसके आर्थिक महाशक्ति में बदलने को पचाने में असमर्थ कुछ पुराने विश्व मीडिया घराने भारत के खिलाफ एक व्यवस्थित अभियान चला रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि उनके लिए यह अंतर करना मुश्किल हो गया है कि अखबार ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स है या न्यू डिस्टॉर्ट टाइम्स’ है।

Exit mobile version