दंतेवाड़ा हमले में नक्सलियों ने किया IED का इस्तेमाल, धमाके की जगह बना गड्ढा

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा के अरनपुर में नक्सली हमले में 10 जवान और एक ड्राइवर की मौत हो गई। नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर जवान सर्चिंग के लिए निकले थे। इसी दौरान नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दिया। धमाका इतना भीषण था कि घटना स्थल पर चौड़ी सड़क पर बड़ा सा गड्ढा बन गया। ब्लास्ट की आवाज आसपास के इलाकों में भी सुनाई दी। जवानों की गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

डीआरजी के 10 जवान और एक ड्राइवर एक ही वाहन में सवार थे। माओवादी कैडर की मौजूदगी की सूचना पर दंतेवाड़ा से डीआरजी जवानों को रवाना किया गया था। इसके बाद सभी जवान वहां से लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने अरनपुर मार्ग पर पालनार में ब्लास्ट कर दिया। यह इलाका बेहद संवेदनशील माना जाता है। इसके बाद भी यहां वाहन का प्रयोग किया गया। लंबे समय से यहां आईडी बरामद किए जाते रहे हैं। घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि यहां डीआरजी जवान का वाहन गुजरने से पहले बम डिफ्यूज स्क्वायड को पहले रवाना नहीं किया गया होगा। इस वजह से आईडी के बारे में पता चल पाया। यह घटनाक्रम पक्की सड़क पर हुई है, जिसके चलते जवानों को अंदाजा ही नहीं था कि यहां आइडी होगा।

ये जवान हुए शहीद
हेड कॉन्सटेबल जोगा सोढी, मुन्ना राम कड़ती, संतोष तामो, नव आरक्षक दुल्गो मण्डावी, लखमू मरकाम, जोगा कवासी, हरिराम मण्डावी, गोपनीय सैनिक राजू राम करटम, जयराम पोड़ियाम और जगदीश कवासी शहीद हुए हैं। इनके साथ ही प्राइवेट वाहन के चालक धनीराम यादव की भी मौत हो गई है।

दो साल पहले हमले में 22 जवान हुए थे शहीद
साल 2021 में अप्रैल माह में ही नक्सलियों ने सबसे बड़ हमला बीजापुर के तर्रेम क्षेत्र के टेकलगुड़ा में किया था। उस समय नक्सलियों ने BGL (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) से हमला किया था। इसमें 22 जवान शहीद हुए थे और 35 से ज्यादा घायल हुए थे। नक्सली हमले के साथ ही जवानों से हथियार भी लूटकर ले गए थे। इसी दौरान नक्सलियों ने सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के जवान राकेश्वर सिंह मन्हास का अपहरण किया था। हालांकि बाद में उसे रिहा कर दिया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने शहीद परिवारों के लिए प्रकट की संवेदनाएं
दंतेवाड़ा नक्सली हमले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। साथ ही उन्होंने शहीद जवानों के परिवारों के लिए भी संवेदनाएं प्रकट की। प्रधानमंत्री ने कहा कि, दंतेवाड़ा में छत्तीसगढ़ पुलिस पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। हम हमले में शहीद हुए बहादुर जवानों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

Exit mobile version