अयोध्या में रामलला के दर्शन करेंगे एकनाथ शिंदे, सीएम योगी से भी करेंगे मुलाकात

एकनाथ शिंदे

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे 9 अप्रैल को अयोध्या जायेंगे और भगवान रामचंद्र के दर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने अयोध्या दौरे के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। महाराष्ट्र में सत्ता हस्तांतरण के घटनाक्रम के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पहली बार अयोध्या आएंगे।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री द्वारा तैयार कार्यक्रम में रामलला, हनुमान गढ़ी दर्शन पूजन, राम मंदिर के निर्माण स्थल का निरीक्षण, आरती और लक्ष्मण किला मंदिर में संतों का आशीर्वाद लेना शामिल है। शिवसैनिक 8 अप्रैल से अयोध्या में होंगे और मुख्यमंत्री शिंदे 9 अप्रैल को अयोध्या पहुंचेंगे। शाम को शरयू आरती करने के बाद वे मुंबई लौट जाएंगे।

हनुमान गढ़ी मन्दिर की मिट्टी लाने के लिए खास रथ तैयार
महाराष्ट्र विधानसभा में निर्दलीय विधायक रवि राणा अयोध्या जा रहे हैं जहां सीएम एकनाथ शिन्दे और महंत राजू दास के हाथों उन्हें हनुमान गढ़ी मन्दिर की मिट्टी दी जाएगी। इस मिट्टी को लाने के लिए एक खास रथ भी तैयार किया गया है जिसे भक्ति शक्ति मंगल रथ नाम दिया गया है। इस रथ को सीएम एकनाथ शिन्दे झंडी दिखाकर अमरावती के लिए रवाना करेंगे। यह रथ सीधे अमरावती जाने की बजाय विभिन्न राज्यों से हनुमान मंदिरों की पवित्र मिट्टी एकत्रित करते हुए अमरावती पहुंचेगा।

अयोध्या कूच की तैयारी में कांग्रेस
उधर, महाराष्ट्र कांग्रेस में भी अयोध्या कूच करने की तैयारी शुरू हो गई है। महाराष्ट्र के कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि महाराष्ट्र से, जल्द ही कांग्रेस के बड़ी तादाद में कांग्रेस के कार्यकर्ता अयोध्या जाएंगे। नाना पटोले ने कहा कि अयोध्या के संतों ने उन्हें निमंत्रण दिया है। अयोध्या के संतो ने उन्हें बताया है कि राजीव गांधी गांधी ने इसकी शुरुआत की थी इसलिए कांग्रेस का ज्यादा अधिकार इस पर बनता है। पटोले ने कहा-बड़ी तादाद में हमारे कांग्रेसियों को लेकर और आम जनता भी इसमें शामिल रहेगी। पार्टी के कार्यकर्ता, विधायक सभी मिलकर अयोध्या जाएंगे।

Exit mobile version