लंदन में तिरंगे के अपमान से भड़के सिख, दिल्ली में ब्रिटिश उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन

नई दिल्ली। खालिस्तान समर्थक अलगाववादियों द्वारा एक दिन पहले लंदन में भारतीय उच्चायोग में तिरंगा झंडे का अपमान किए जाने के विरोध में सोमवार को दिल्ली में जमकर हंगामा देखने को मिला। ब्रिटिश उच्चायोग के बाहर सिख समुदाय के कई लोग जमा हुए और विरोध-प्रदर्शन किया। हाथों में तिरंगा और तख्तियां लिए प्रदर्शनकारियों ने ‘भारत हमारा स्वाभिमान है’ के नारे लगाए और कहा कि वे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।

लंदन में भारतीय उच्चायोग के ऊपर फहराए गए तिरंगे को प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने रविवार को अलगाववादी खालिस्तानी समर्थन में नारे लगाते हुए गिरा दिया था। इस घटना से भारतीय सिख समाज में नाराजगी बढ़ गई और सोमवार को दिल्ली में ब्रिटिश उच्चायोग के सामने सिखों ने विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने लंदन की घटना पर आक्रोश जताया हालांकि, यहां ब्रिटिश उच्चायोग के गेट पर पहले से दिल्ली पुलिस सुरक्षा में मुस्तैद थी। दिल्ली पुलिस ने ब्रिटिश उच्चायोग इलाके को खाली कराया। सिख प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया गया। ब्रिटेन उच्चायोग के आसपास पुलिस सुरक्षा बढ़ाई गई है।

भारत में वारिस दे पंजाब संगठन के जत्थेदार अमृतपाल सिंह के खिलाफ कार्रवाई को लेकर तिलमिलाए खालिस्तानी समर्थकों ने लंदन में इस घटना को अंजाम दिया था। भारतीय उच्चायोग से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि खालिस्तानियों के इस प्रयास को विफल कर दिया गया, तिरंगा अब “भव्य” रूप फहरा रहा है।

विदेश मंत्रालय ने सख्त लहजे में बयान देते हुए कहा कि ब्रिटेन में भारतीय राजनयिक परिसरों और कर्मियों की सुरक्षा के प्रति यूके सरकार की उदासीनता भारत को “अस्वीकार्य” लगती है। इस पर शीर्ष ब्रिटिश अधिकारियों ने कहा है कि ब्रिटेन सरकार भारतीय उच्चायोग की सुरक्षा को गंभीरता से लेगी और उन्होंने मिशन में तोड़फोड़ को “अपमानजनक” और “पूरी तरह से अस्वीकार्य” बताया।

Exit mobile version