शादी के बंधन में बधेंगे शिक्षा मंत्री बैंस, IPS ज्योति यादव बनेंगी दुल्हनिया

चंडीगढ़। पंजाब के शिक्षामंत्री हरजोत सिंह बैंस शादी के बंधन में बंधने जा रहे है। बैंस पंजाब कैडर की ही IPS अफसर डॉ. ज्योति यादव के साथ विवाह करने जा रहे हैं। दोनों इसी महीने 25 और 26 मार्च को आनंदपुर साहिब में सादे समारोह में विवाह कर सकते हैं। इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

हरजोत बैंस की दुल्हन बनने जा रही डॉ. ज्योति यादव भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की 2019 बैच की अफसर है। उनका परिवार गुरुग्राम में रहता है। लुधियाना में ADCP रह चुकी ज्योति यादव इस समय मानसा में एसपी हैडक्वार्टर के पद पर तैनात हैं। वहीं हरजोत सिंह बैंस रोपड़ जिले की आनंदपुर साहिब सीट से विधायक हैं। वह पंजाब की मौजूदा भगवंत मान सरकार में एजुकेशन महकमा संभाल रहे हैं। इससे पहले वह जेल मंत्री भी रह चुके हैं।

पेशे से वकील हैं बैंस
31 साल के हरजोत सिंह बैंस आम आदमी पार्टी (AAP) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं। वह AAP की पंजाब इकाई के पूर्व मुख्य प्रवक्ता भी रह चुके हैं। बैंस ने पिछले साल हुए चुनाव में पंजाब विधानसभा के स्पीकर रहे राणा केपी सिंह को 45,780 वोटों से हराया था। पेशे से वकील बैंस ने बी.ए. एलएलबी (ऑनर्स) किया है। 2017 में बैंस ने लुधियाना जिले की साहनेवाल सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था लेकिन तब वह हार गए थे। 2022 के चुनाव में AAP ने उन्हें रोपड़ जिले की आनंदपुर साहिब सीट से चुनाव मैदान में उतारा।

मुख्यमंत्री और आप के तीन विधायक कर चुके हैं विवाह
पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार बनने के साथ ही पार्टी के अविवाहित मंत्रियों-विधायकों ने गृहस्थी बसा लेने की तैयारी शुरू कर दी है। सरकार बनने के बाद सबसे पहले पिछले साल जुलाई में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने डॉ. गुरप्रीत कौर के साथ विवाह किया था। पहली पत्नी से तलाक के बाद भगवंत मान का यह दूसरा विवाह है। इसके बाद सात अक्तूबर 2022 को संगरूर से आप विधायक 27 वर्षीय नरेंद्र कौर भराज भी पार्टी के कार्यकर्ता मनदीप सिंह लखेवाल के साथ विवाह-बंधन में बंध गईं।

इसी साल 26 जनवरी को फाजिल्का से आप विधायक 31 वर्षीय नरिंदर पाल सिंह सावना ने खुशबू सावनसुख के साथ विवाह किया और 30 जनवरी को फिरोजपुर के विधायक 62 वर्षीय रणवीर सिंह भुल्लर ने अमनदीप कौर गोंसल से विवाह रचाया। रणवीर भुल्लर का यह दूसरा विवाह है। उनकी पहली पत्नी का निधन हो चुका है।

Exit mobile version