सांसद संजय राउत पर मानहानि का मुकदमा दर्ज, बताया था जान का खतरा

संजय राउत

मुंबई। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता और सांसद संजय राउत की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रहीं हैं। ठाणे शहर के बाद अब महाराष्ट्र के बीड जिले में भी राउत के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज हो गया है।

राउत ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे से खुद की जान को खतरा होने का दावा किया था। राउत ने मुंबई के पुलिस आयुक्त को भेजे एक पत्र में कहा था, ‘‘लोकसभा सदस्य श्रीकांत शिंदे ने मुझे मारने के लिए ठाणे के अपराधी राजा ठाकुर को सुपारी दी है।’’ श्रीकांत शिंदे पर लगे आरोपों से नाराज उनके समर्थक और शिवसेना बीड जिला इकाई के प्रमुख ने राउत के खिलाफ बीड जिले में मुकदमा दर्ज कराया है।

शिकायत के आधार पर बीड शहर पुलिस ने राज्यसभा सदस्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 153 (ए) (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), आईपीसी 500, 501 (दोनों मानहानि से संबंधित), 504 (जानबूझकर अपमान) की धाराओं में केस दर्ज किया है।

ठाणे की मेयर ने भी दर्ज कराई है शिकायत
इसके पहले ठाणे शहर में बुधवार देर रात शिवसेना नेता संजय राउत के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया है। ठाणे की पूर्व मेयर मीनाक्षी शिंदे ने राउत के खिलाफ मामले की तहरीर पुलिस को दी थी। जिसके आधार पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता संजय राउत के खिलाफ ठाणे के कापूरबावड़ी पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Exit mobile version