भाभी की छोटी बहन से हुआ प्यार, शादी से किया इनकार तो लड़की के मां-बाप को मारी गोली

मथुरा। उत्तर प्रदेश मथुरा के वृंदावन के श्याम कुटी क्षेत्र में गुरुवार शाम गोलीकांड में पति-पत्नी घायल हो गए। पति-पत्नी की गंभीर हालत देखते हुए आगरा रैफर किया गया है। पति-पत्नी पर गोली मारने का आरोप दामाद के भाई पर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना कोतवाली वृंदावन इलाके के श्याम कुटी में अमोल और उनकी पत्नी सुनीता परिवार के साथ रहते है। अमोल ने अपनी बड़ी बेटी चंद्रेश की शादी खुर्रम मांट निवासी भगवान सिंह चौधरी के बेटे कन्हैया से की थी। कन्हैया का छोटा भाई छोटू अपनी भाभी चंद्रेश की छोटी बहन पूजा से प्यार करने लगा और उससे शादी करना चाहता था। मगर, अमोल और उसके परिवार ने इसके लिए मना कर दिया।

लोगों के मुताबिक शादी के बाद से चंद्रेश और भगवान सिंह में मनमुटाव रहने पर चंद्रेश पिछले कई महीनों से अपने माता-पिता के साथ ही रह रही थी। इसी वजह से वह अपनी छोटी बहन पूजा की शादी अपने देवर के साथ करने के पक्ष में नहीं थी। अमोल ने छोटू द्वारा लगातार परेशान किए जाने से पूजा की शादी तय कर दी और 22 फरवरी को उसकी शादी करने जा रहे थे। छोटू को जब यह बात पता चली तो वह अमोल के पास आया और झगड़ा करने लगा। बात बढ़ी तो छोटू ने अमोल और सुनीता को गोली मार दी। जिसके बाद भाग गया।

बताया गया है कि अमोल और सुनीता के कमर में गोली लगी है। गोली चलते ही घर में चीख पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल सौ शैय्या संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर दोनों को आगरा रैफर कर दिया गया है। घटना स्थल पर पहुंचे सीओ सदर प्रवीण मलिक, कोतवाली प्रभारी विजय कुमार सिंह मामले की जांच में जुट गए।

सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि अमोल को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया है। जबकि सुनीता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। छोटू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बना दी गई हैं। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

Exit mobile version