BBC ऑफिस में रेड को कांग्रेस ने बताया अघोषित आपातकाल, बीजेपी बोली- आपने तो बैन ही लगा दिया था

नई दिल्ली। BBC के दिल्ली और मुंबई ऑफिस पर मंगलवार को आयकर विभाग (IT) की टीम ने सर्वे किया है। आयकर अधिकारियों द्वारा ‘सर्वेक्षण’ पर विपक्षी नेताओं ने मंगलवार को केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार बीबीसी के पीछे पड़ी है। जवाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में तो बीबीसी पर बैन ही लगा दिया गया था तो हमारे खिलाफ हंगामा क्यों।

ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कोर्पोरेशन (BBC) वर्ल्ड सर्विस टेलीविजन ब्रिटिश सरकार की संस्था है। यह 40 भाषाओं में खबरें प्रसारित करता है। मंगलवार को आयकर विभाग (IT) की टीम ने दिल्ली और मुंबई के ऑफिस पर छापा मारा। दरअसल बीबीसी की विवादित डॉक्युमेंट्री को लेकर हाल ही में काफी बवाल हुआ था। बीबीसी की डॉक्युमेंट्री 2002 में गुजरात दंगों पर बनाई गई थी। केंद्र सरकार द्वारा इस डॉक्युमेंट्री की स्क्रीनिंग पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। देश की कई यूनिवर्सिटियों में इसकी स्क्रीनिंग के लिए बवाल भी हुआ था।

BBC के ऑफिसों पर रेड के बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा- यहां हम अडाणी के मामले में JPC की मांग कर रहे हैं और वहां सरकार BBC के पीछे पड़ी हुई है। ‘विनाशकाले विपरीत बुद्धि’। रमेश ने मंगलवार को यह आरोप भी लगाया कि केंद्र सरकार अडाणी-हिंडनबर्ग मामले में JPC जांच से भाग रही है।

भाजपा ने कहा- आइना देखे कांग्रेस
कांग्रेस के बयान के बाद भाजपा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस आपातकाल की बात न करे। प्रेस की आजादी की बात करने वाले खुद आइना देखें। उन्होंने कहा -एओ. ह्यूम की बनाई पार्टी कांग्रेस का चाल, चरित्र अभी भी ब्रिटिश ही है। लगता है अंग्रेजों ने 1947 में भारत छोड़ने के बाद बीबीसी के विघटनकारी एजेंडे को देश में आगे बढ़ाने का काम कांग्रेस को सौंप दिया था। खैर, आपातकाल और प्रेस की आजादी की बात करने वालों को आईना जरूर देखना चाहिए।

बीजेपी नेता गौरव भाटिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि किस तरह पत्रकारिता की आड़ में एक एजेंडा आगे बढ़ाया जाता है, वह मैं आपके सामने रखता हूं। बीबीसी द्वारा एक प्रोग्राम- ‘द अनलीश्ड’ में प्रोग्राम के प्रेजेंटर ने कश्मीर में आतंकी कमांडर को करिश्माई युवा उग्रवादी बता दिया था। यह किस तरह की रिपोर्टिंग है! आप भारत में कार्य करना चाहते हैं और भारत की अखंडता को चोट पहुंचाने का प्रयास करते हैं। इसी तरह से पूरी दुनिया में भारत अपनी संस्कृति-विविधता के लिए जाना जाता है। यहां क्या त्योहार हैं, सबके क्या भाव हैं, वह बिना जाने बीबीसी ने कहा कि होली एक गंदा त्योहार है। इसके कई उदाहरण हैं कि बीबीसी की रिपोर्टिंग कितनी सतही और जहरीली है।

बीजेपी ने कहा कि बीबीसी की एक प्रेजेंटर ने बेशर्मी से कहा था कि महात्मा गांधी भारत को 1942 में ही आजाद कराने में नाकाम रहे थे। ब्रिटेन की पूर्व प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर ने भी बीबीसी को लताड़ लगाई थी। उन्होंने बीबीसी को बोल्शेविक ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन करार दिया था। अगर एक संस्था अपना कार्य कर रही है और अभी वह कार्रवाई पूरी भी नहीं हुई है। उसका निचोड़ और निष्कर्ष बाहर भी नहीं आया है। तो आखिर किस आधार पर कांग्रेस सरकार पर आरोप लगा रही है। आपका चरित्र ऐसा बन गया है कि जो भी देशविरोधी ताकतें होंगी, वह उसके साथ ही खड़ी होंगी। चीन हो या बीबीसी और कई बार तो आतंकियों के साथ कांग्रेस का हाथ। यह सवाल बार-बार पूछा जाएगा।

गौरव भाटिया ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, “इसी बीबीसी के खिलाफ आपकी सरकार के दौरान प्रतिबंध लगाया गया था। आपने बैन लगाया तो सब ठीक है, लेकिन जब आयकर विभाग ऐक्शन ले रहा है तो आप उसे भी राजनीतिक रंग दे रहे हैं। कांग्रेस क्यों ऐसा कैरेक्टर दिखाती है कि किसी भी संवैधानिक और कानूनी संस्था पर इनका यकीन नहीं होता है। सर्वोच्च न्यालालय, पीएम, भारतीय सेना, कैग और चुनाव आयोग तक पर ये आरोप लगाते रहते हैं।”

Exit mobile version