‘महेंद्र सिंह धोनी भारत के ऑल टाइम महान खिलाड़ियों में से एक हैं,’ गांगुली की प्रतिक्रिया

टीम इंडिया के पूर्व कप्‍तान सौरव गांगुली ने एमएस धोनी की जमकर तारीफ की है। गांगुली ने कहा कि एमएस धोनी का भारतीय क्रिकेट में गजब का प्रभाव रहा है। गांगुली ने कहा कि धोनी ने लोगों के सफल होने की सोच बदल दी है।

स्पोर्टस्टार के कॉन्क्लेव में बातचीत करते हुए गांगुली ने कहा कि जब आप धोनी के बारे में बात करते हैं, तो सिर्फ मैचों को ही नहीं देखते। यह भी देखते हैं कि किस तरह का प्रभाव उन्होंने भारतीय क्रिकेट पर छोड़ा है। मैं उनसे कुछ दिनों पहले ही मुंबई में मिला था। हम दोनों शूटिंग कर रहे थे। वह भारत के ऑल टाइम महान खिलाड़ियों में से हैं और एक चैम्पियन हैं। झारखण्ड से आकर उन्होंने टीम इंडिया के लिए वर्ल्ड कप जीता।

उन्होंने कहा कि मुझे गर्व है कि भारत के दो सबसे सफल कप्‍तान देश के उस हिस्‍से से आए, जहां लोगों को लगता है कि क्रिकेट अपने सर्वश्रेष्‍ठ स्‍तर पर नहीं हैं। धोनी ने असल में अपने आस-पास के खिलाड़‍ियों की पीढ़ी को बदला। धोनी ने लोगों के सफल होने की सोच बदली कि यहां से वो सफल हो सकते हैं। इशान किशन को देखिए, वो किस तरह अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट खेल रहा है।’

बता दें कि एमएस धोनी आईपीएल के आगामी सीजन में चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स की कप्‍तानी करते हुए नजर आएंगे। यह संभवत: धोनी का बतौर खिलाड़ी आखिरी आईपीएल हो सकता है। चेन्‍नई फैंस को उम्‍मीद होगी कि धोनी के नेतृत्‍व में इस सीजन फ्रेंचाइजी का भाग्‍य बदले। फ्रेंचाइजी को बेन स्‍टोक्‍स की सेवाएं भी मिलेंगी, जो कि दुनिया के सबसे धाकड़ ऑलराउंडर्स में से एक हैं।

वहीं सौरव गांगुली दिल्‍ली कैपिटल्‍स फ्रेंचाइजी से क्रिकेट निदेशक के रूप में जुड़े हैं। गांगुली 2019 आईपीएल सीजन में दिल्‍ली फ्रेंचाइजी के सलाहकार रह चुके हैं। फिर बीसीसीआई अध्‍यक्ष बनने के बाद उन्‍होंने अपने आईपीएल पद से इस्‍तीफा दे दिया था। अक्‍टूबर 2022 में रोजर बिन्‍नी बीसीसीआई के नए अध्‍यक्ष नियुक्‍त किए गए।

Exit mobile version