घर में थी शादी… हल्दी के बाद नहाने गई थी महिला सिपाही फिर बॉथरूम में मिला शव

मेरठ। यूपी के मेरठ के सरधना के गांव अहमदाबाद में महिला सिपाही की बाथरूम में नहाने के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला सिपाही की मंगलवार को शादी होनी थी और हल्दी रस्म के बाद वो नहाने के लिए गई थी। युवती की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

गीता तालियान पुत्री गजराज सिंह यूपी पुलिस में सिपाही थी। वह वर्तमान में मुजफ्फरनगर विजिलेंस में तैनात थी। परिजनों ने बताया कि गीता की सात फरवरी को शादी होनी तय थी। जिसे लेकर घर में शादी की तैयारियां चल रही थी। रविवार शाम को हल्दी की रस्म थी। रस्म पूरी होने के बाद गीता नहाने के लिए घर के बाथरूम में चली गई। लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आई। इसके बाद गीता के परिजन चिंतित हो उठे। उन्होंने उसे आवाज लगाई तो वह नहीं बोली।

परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोला तो गीता बाथरूम में बेसुध अवस्था में पड़ी मिली। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला सिपाही की मौत की खबर मिलते परिजनों में हाहाकार मच गया। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सीओ ब्रिजेश कुमार सिंह व थाना प्रभारी गांव पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी रमाकांत पचौरी का कहना है कि महिला सिपाही की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। जिसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

मातम में बदली शादी की खुशी
शादी से दो दिन पहले हल्दी की रस्म के बाद हुई सिपाही गीता की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बादल गई। तीन भाइयों की इकलौती बहन की मौत के बाद घर में शादी के जश्न की तैयारियों को ग्रहण लग गया। महिला सिपाही की शादी तीन दिन बाद बुुलंदशहर जिले के गुलावठी कस्बे में होनी थी। वहां भी सब बरात की तैयारियों में जुटे थे, तभी लड़की की मौत की सूचना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

Exit mobile version