कांग्रेस सांसद का निधन, राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में आया हार्ट अटैक

जालंधर। पंजाब में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शनिवार को जालंधर से कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह का निधन हो गया। उन्हें हार्ट अटैक आया। इसके बाद उन्हें फौरन फगवाड़ा के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कहा कि उनकी रास्ते में ही मौत हो चुकी है।

शनिवार सुबह यात्रा लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा से फगवाड़ा की तरफ जा रही थी। पंजाब के जालंधर से कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह लुधियाना पहुंचे थे। वह राहुल गांधी के साथ यात्रा में चल रहे थे। वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि 76 साल के संतोख राहुल से कुछ दूरी पर चल रहे थे। इस दौरान अचानक उनके सीने में दर्द हुआ। तेज पसीना आया। वह गिर पड़े। वहां हड़कंम मच गया। आनन-फानन में संतोख सिंह को फगवाड़ा के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कौन थे संतोख चौधरी?
संतोख सिंह चौधरी का जन्म 18 जून 1946 को हुआ था। वे पंजाब के पहले शिक्षामंत्री मास्टर गुरबंता सिंह के बेटे थे। उनके बेटे विक्रमजीत सिंह चौधरी फिल्लौर के विधायक हैं। उनके राजनीतिक कद का इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रचंड मोदी लहर के दौरान भी उन्होंने दो बार जीत हासिल की। वे पूर्व मंत्री रह चुके थे। चौधरी 2014 में अकाली दल के पवन कुमार टीनू को हराने के बाद 16 वीं लोकसभा के लिए चुने गए थे।

साल 2004 से लेकर 2010 तक वे पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रहे। 2002 में कांग्रेस सरकार के दौरान वे सामाजिक सुरक्षा, महिला और बाल विकास, समाज कल्याण, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान विभाग के मंत्री रहे। 2002 में वे फिल्लौर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर जीते। उन्होंने अकाली दल के सरवन सिंह को हराया था।

Exit mobile version