नहीं रहे महान फुटबॉलर पेले, 82 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

ब्राजील के महान फुटबॉलर और रिकॉर्ड तीन विश्वकप जीतने वाले पेले का गुरुवार देर रात को निधन हो गया। सदी के सबसे महान फुटबॉलरों में शुमार पेले का 2021 से कैंसर का इलाज चल रहा था। वह कई बीमारियों के कारण पिछले महीने से अस्पताल में भर्ती थे।

पेले पेट के कैंसर से जूझ रहे थे। उन्हें 29 नवंबर को साओ पाउलो के अल्बर्ट आइंस्टीन अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन धीरे-धीरे उनकी हालत काफी बिगड़ गई। कैंसर के इलाज में उन पर कीमोथेरेपी का असर भी नहीं हो रहा था। जिस कारण डॉक्टर ने भी चिंता जाहिर की थी। सितंबर 2021 में उनका कोलोन ट्यूमर हटाया गया। जिसके बाद उनकी कीमोथेरेपी की गई। पेले इससे पहले भी कई बार चेकअप कराने के लिए हॉस्पिटल में भर्ती हुए थे। पिछले दिनों कतर में फीफा वर्ल्ड कप की शुरुआत में ही पेले ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक फोटो पोस्ट की थी। उन्होंने फैंस को सपोर्ट करने के लिए धन्यवाद दिया था।

कीमोथेरेपी के जरिए उनका ट्रीटमेंट किया गया, लेकिन उन्हें कोई फायदा नहीं हो रहा था। इसके बाद कीमोथेरेपी बंद कर उन्हें दर्द कम करने की दवाइयां दी जाने लगीं। उन्हें किडनी और कार्डियक डिसफंक्शन भी था। पेले की बेटी कैली ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘हम जो कुछ भी हैं, आपकी बदौलत हैं। हम आपको बहुत प्यार करते हैं। रेस्ट इन पीस।’

बिले से बने पेले
पेले का असली नाम एडसन एरेंटस डो नेसिमेंटो था। प्यार से उन्हें उनके घर वाले डिको भी बुलाते थे। उन्हें बचपन से ही फुटबॉल से लगाव था। उनके पिता ब्राजील के बड़े क्लब फ्लूमिनीज के लिए खेल चुके थे, लेकिन पैसे नहीं होने के कारण उन्हें सफाई कर्मी बनना पड़ा। पेले को अपने एरिया के लोकल क्लब वास्को डी गामा के गोलकीपर बिले बेहद पसंद थे। स्कूल में जब वे फुटबॉल खेलते थे तब उनके दोस्त उन्हें पेले बुलाने लगे। तब ही से उनका नाम पेले पड़ गया।

उनका निक नेम डिको, पेले और द ब्लैक पर्ल भी हैं। पेले का जन्म 23 अक्टूबर 1940 को ब्राजील में हुआ था। इनकी तीन पत्नियां हैं, लेकिन कितने बच्चे हैं, इसको लेकर विवाद होते रहे हैं। पेले खुद एक इंटरव्यू में कह चुके हैं कि उन्हें याद तक नहीं कि उनके कितने बच्चे हैं। हालांकि ऑफिशियल रिकॉर्ड में पेले के 7 बच्चों के नाम सामने आते हैं।

उनकी पहली शादी 1966 में हुई और 1982 में तलाक हो गया। पहली पत्नी का नाम रोज मैरी डोस रीस था। उनसे तीन बच्चे हुए। पेले ने दूसरी शादी 1994 में की और 2008 में तलाक हो गया। दूसरी पत्नी का नाम एसीरिया लेमोस सिक्सैक्स था। तीसरी शादी उन्होंने 2016 में की थी। पत्नी का नाम मार्सिया ऑकी है। वह पेले के साथ ही रहती थीं।

मोजे में अखबार ठूंस कर खेलते थे फुटबॉल
पेले अपनी गली में दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलते थे। गरीबी में बड़े होने के कारण उनके पास फुटबॉल खरीदने के पैसे नहीं थे। इस कारण वे मोजे में अखबार ठूंसकर, उसे रस्सी से बांधकर नंगे पांव खेलते थे।

छोटी उम्र में लोकल क्लब के लिए खेलने लगे
12-13 साल की उम्र में पेले अपने शहर बाउरू के लोकल क्लब रेडियम फुटबॉल टीम के लिए खेलने लगे। उनके शहर में पहली बार फुटसल यानी 5-5 प्लेयर के बीच इनडोर टूर्नामेंट हुआ। इसी टूर्नामेंट में उन्होंने हिस्सा लिया और चैंपियनशिप जीती। इसके अलावा एक टूर्नामेंट की आयोजन समिति ने उन्हें कम उम्र का बताते हुए हिस्सा नहीं लेने दिया। उन्होंने फिर भी लड़-झगड़ कर टूर्नामेंट खेला और उसमें भी सबसे ज्यादा गोल स्कोर कर दिए। यहीं से उनकी तस्वीर बदली।

21 साल लंबे फुटबॉल करियर के दौरान 1363 मुक़ाबलों में उनके नाम 1,281 गोल करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। वो एकमात्र फ़ुटबॉल खिलाड़ी हैं जिन्होंने तीन बार वर्ल्ड कप जीता। 1958, 1962 और 1970 में वर्ल्ड कप जीतने वाली ब्राज़ीली टीम में वे शामिल रहे। उन्हें साल 2000 में फ़ीफ़ा के प्लेयर ऑफ द सेंचुरी का तमगा दिया गया।

Exit mobile version