पत्नी ने साथ रहने से मना किया तो पति ने फेसबुक पर बना दी अश्लील आईडी

दिल्ली। राजधानी में पत्नी ने साथ रहने से मना किया तो गुस्साए पति ने उसकी अश्लील फेसबुक आईडी बना दी। इसके बाद उसने आईडी का लिंक परिवार के अलावा सभी रिश्तेदारों को भी भेज दिया। आरोपी ने अपनी साली को भी मामले में घसीट लिया।

पीड़िता परिवार के साथ पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में रहती है। इसके परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं। इसी साल जुलाई 2022 में पीड़िता की शादी यूपी के शाहजहांपुर निवासी युवक से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही पति-पत्नी के बीच अनबन हो गई। पीड़िता नाराज होकर वापस दिल्ली अपने घर आ गई। उसने पति के साथ रहने से मना कर दिया। इस बात पर आरोपी ने परिवार को देख लेने की धमकी दी। 

आरोप है कि कुछ दिनों पूर्व महिला के परिजनों के मोबाइल पर एक फेसबुक आईडी का लिंक आया। परिजनों ने जब उसको खोलकर देखा तो उसमें बेटी की अश्लील तस्वीरों के अलावा उसके नाम का भी इस्तेमाल किया गया था। आरोपी ने दूसरी बेटी के बारे में भी इसमें भद्दे कमेंट किए हुए थे। पीड़िता ने जब इसकी खुद पड़ताल की तो पता चला कि उसके पति ने ही वारदात को अंजाम दिया है।

पीड़िता को जब इसका पता चला तो उसने मामले की सूचना पूर्वी जिला साइबर थाना पुलिस को दी। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Exit mobile version