गाजियाबाद में भाई और पत्नी ने की थी कढ़ाई कारीगर की हत्या

गाजियाबाद। लोनी के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र की खुशहाल पार्क कॉलोनी में कढ़ाई कारीगर की हत्या उसके छोटे भाई और पत्नी ने की थी। दोनों आरोपियों के बीच प्रेम संबंध चल रहा था। मृतक कढ़ाई कारीगर इसका विरोध करता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

खुशहाल पार्क कॉलोनी के मो. समीम मजदूरी करता है। उनके 4 बेटे अय्याज, फैयाज, नियाज और आमिर हैं। इनमें अय्याज सबसे बड़ा है, जबकि आमिर सबसे छोटा। समीम के 2 मकान हैं। दोनों के बीच की दूरी 150 मीटर है। इनमें से एक मकान में अय्याज (35) अपनी पत्नी सजरा खातून, 2 बेटे आरिफ, आसिफ और बेटी आसिया के साथ रहता है। जबकि दूसरे मकान में समीम परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहते हैं। अय्याज कढ़ाई का काम करता था। उसका भाई आमिर मजदूरी करता है।

पुलिस के अनुसार आमिर के संबंध कुछ महीने पहले अपनी ही भाभी सजरा खातून से हो गए। दोनों चोरी-छिपे मिलने लगे। एक ही परिवार के होने के कारण दोनों पर कोई शक भी नहीं करता था। हालांकि पड़ोसियों को इस बात की पहले से ही भनक थी। कुछ दिन पहले ही अय्याज को भी पत्नी के अवैध संबंध की जानकारी हो गई। इसके बाद उसने पत्नी की निगरानी बढ़ा दी। 7 दिन पहले ही उसने पत्नी से मोबाइल फोन भी ले लिया था। इससे वह प्रेमी से उसका संपर्क टूट गया था।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने घटनाक्रम के बारे में बताया। आमिर का कहना था कि उसने जैसे ही घर के बाहर स्ट्रीट लाइट बंद की, सजरा ने दरवाजा खोल दिया। साजिश के तहत वह पहले से उसके आने के इंतजार में दरवाजे पर खड़ी थी। अय्याज अपने कमरे में सो रहा था। उसे पहला गला दबाकर मारने की कोशिश की लेकिन वह मरा नहीं और चीखने की कोशिश करने लगा। इस पर सजरा ने उसके हाथ पकड़ लिए। आमिर ने बताया कि वह चाकू लेकर आया था। उसी से गला काट दिया। इसी बीच पड़ोस से आवाज आने लगी थी। उसे लगा कि लोग जाग गए हैं। इसलिए, वह दरवाजे से नहीं भागा। चाकू से कपड़ा सुखाने की रस्सी काटी। छत पर जाकर उसे बांध दिया और फिर उसी के सहारे कूदकर भाग गया। रात भर पास में ही झाड़ी में छुपा रहा। शनिवार की सुबह घर में आ गया।

Exit mobile version