अगले दस दिनों में पड़ेगी कड़ाके की ठंड

File Phptp

नई दिल्ली। देश के अधिकांश राज्यों में मौसम शुष्क बना हुआ है। तापमान में तेजी से गिरावट के कारण गुलाबी ठंड का अहसास होना शुरू हो गया है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले दस दिनों में सर्दियां शुरू हो जाएंगी।

मौसम विभाग का कहना है कि इस समय उत्तर और पश्चिम से लेकर मध्य भारत तक शुष्क उत्तर-पश्चिम हवाएं चल रही हैं। उत्तर के पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद ये हवाएं बर्फीले इलाकों से गुजरती हुई मध्य भारत तक ठंडक लेकर पहुंचेंगी। इन वजहों से 7 नवंबर से देश में दो पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर से लेकर मध्य भारत तक दिन में भी ठिठुरन महसूस होगी। पहला पश्चिमी विक्षोभ 31 अक्तूबर को कश्मीर में दस्तक देगा। जिसके कारण एक या दो नवंबर को हिमाचल और उत्तराखंड में हल्की बर्फबारी के साथ बारिश हो सकती है। जबकि दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 3 नवंबर को आएगा, जिससे 5 से 6 नवंबर तक कश्मीर से हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, एक नवंबर से राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश में मौसम साफ रहेगा। लेकिन सुबह और शाम को हल्की सर्दी महसूस होगी। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान के साथ गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना में तापमान 6 से 7 नवंबर के बीच तेजी से गिरने के आसार है।

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, पूर्वोत्तर मानसून के लिए आवश्यक मौसम पैरामीटर पहले ही पूरे हो चुके हैं। बंगाल की खाड़ी के ऊपर उत्तर-पूर्वी हवाएं तेज हो गई हैं और जल्द ही पूर्वोत्तर मानसून की शुरुआत हो जाएगी। एक नवंबर से आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे बढ़ेंगी। आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट और रायलसीमा में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। नेल्लोर, कवाली, तिरुपति और चित्तूर जैसे स्थानों पर कुछ तेज बारिश हो सकती है।

Exit mobile version