किरेन रिजिजू ने गिनाईं पहले प्रधानमंत्री नेहरू की पांच बड़ी गलतियां, कहा- पीएम मोदी ने सुधारीं

नई दिल्ली। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू पर भाजपा ने कश्मीर के भारत विलय में बाधा बनने और निजी एजेंडा आगे बढ़ाने का आरोप लगाया। केंद्रीय विधि मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और पं. नेहरू पर यह ताजा हमला बोला।

नेहरू की पांच गलतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, सात दशक तक देश इनकी वजह से जूझता रहा। रिजीजू ने कहा, इतिहास ने साल 2019 में नया मोड़ लिया, ‘भारत प्रथम’ यह देश को आगे बढ़ाने का एकमात्र सिद्धांत बना। इसी के तहत पीएम मोदी ने नेहरू की इन गलतियों को सुधारते हुए अनुच्छेद 370 खत्म किया, भारत के सभी क्षेत्रों का एकीकरण पूर्ण हुआ। कश्मीर के भारत में विलय के लिए 27 अक्टूबर 1947 को हुए समझौते के 75 वर्ष पूर्ण होने पर रिजिजू ने कहा, “सात दशक से यह ऐतिहासिक झूठ फैलाया गया है कि कश्मीर उन रियासतों में था जिन्हें भारत से जुड़ने में समस्या थी।

560 के करीब रियासतों में केवल हैदराबाद और जूनागढ़ ने कुछ समस्या पैदा की थी। कश्मीर के महाराजा हरि सिंह ने भारत में विलय को लेकर टालमटोल भरा रवैया नहीं रखा। बल्कि जुलाई 1947 में खुद ही भारत में विलय के लिए देश के नेताओं से संपर्क किया था। 24 जुलाई 1952 को नेहरू ने लोकसभा में यह तथ्य स्वीकार किया है। जुलाई 47 में ही नेहरू ने हरि सिंह और नेशनल कॉन्फ्रेंस को सलाह भी दी कि कश्मीर “विशेष मामला” है इसलिए जल्दबाजी ठीक नहीं।

रिजिजू ने कहा कि शेख नेहरू के मित्र थे, कश्मीर के भारत में विलय से ज्यादा जरूरी उन्हें अपने मित्र को कश्मीर की सत्ता दिलाना लगा। अगर जुलाई 1947 में ही विलय हो जाता तो पाकिस्तान कश्मीर को लेकर सक्रिय नहीं होता, न हमला करता, न आज कश्मीर में जारी आतंकवाद से हमें जूझना पड़ता और न ही 1990 में कश्मीरी हिंदुओं को घाटी से निकाला जाता।

वहीं असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने दावा किया कि नेहरू की कश्मीर नीति गलतियों से भरी थी ऐसा वे हमेशा से जानते थे। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा, इनसे पूरे क्षेत्र को कई दशकों तक नुकसान हुआ। केंद्रीय उपभोक्ता मामलात राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि इनसे देश की कई पीढ़ियों को नुकसान हुआ तो सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने नेहरू के रवैए को ही षड्यंत्रकारी करार दिया। केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह और भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, नेहरू की गलतियों को देश ने झेला।

Exit mobile version