72 दिनों बाद जेल से छूटा श्रीकांत त्यागी, दिए चुनाव लड़ने के संकेत

नोएडा। नोएडा की ओमेक्स सिटी में महिला से बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद गिरफ्तार किए गए श्रीकांत त्यागी गुरुवार की शाम जेल से रिहा हो गया। गैंगस्टर के मामले में सोमवार को श्रीकांत को हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। इस दाैरान मीडिया से बातचीत में श्रीकांत त्यागी ने त्यागी समाज को धन्यवाद दिया। श्रीकांत त्यागी ने इशारों-इशारों में अपनी चुनाव लड़ने की मंशा जाहिर कर दी, हालांकि कहा कि फैसला अपने समाज के लोगों के साथ बैठकर करेंगे।

श्रीकांत त्यागी को इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने सोमवार को जमानत दी। न्यायमूर्ति सुरेन्द्र सिंह ने गुंडा एक्ट में त्यागी को जमानत दी। राजनेता के वकील ने जमानत अर्जी के पक्ष में दलील दिया था, ‘राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण उन्हें फर्जी मामले में फंसाया गया है।’ न्यायमूर्ति सिंह ने कहा, ‘मुकदमे के तथ्यों और परिस्थितियों, आरोपों की प्रकृति और अपराध की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए, लेकिन मामले के गुण-दोष पर टिप्पणी किए बगैर, इस अदालत का विचार है कि आवेदक जमानत पाने योग्य है।’

जेल से बाहर आने के बाद श्रीकांत त्यागी का राजनेता की तरह स्वागत किया गया। समर्थकों की नारेबाजी, माल्यार्पण से श्रीकांत अपने काफी गदगद नजर आए। सोसाइटी में उसकी पत्नी अनु त्यागी आरती का थाल लेकर उसका इंतजार कर रही थी। जहां पर परिवारजनों और उसके करीबियों ने फूल बरसाकर स्वागत किया और उसकी रिहाई पर खुशी जताई। श्रीकांत त्यागी ने कहा, “घर तो आना ही था। अगर कोई लड़ाई लड़ी जाती है और किसी गलत कार्रवाई के चलते किसी को जेल जाना पड़े तो स्वाभाविक है कि वो जेल में तो रहेगा नहीं घर तो आएगा ही।”

जब श्रीकांत त्यागी से जब पूछा गया कि अब आगे आप क्या करेंगे? उन्होंने कहा कि त्यागी समाज हमारे लिए भगवान है, सर्वोपरि है, उसके चरणों में समर्पण है हमारा। जब श्रीकांत से ये पूछा गया कि क्या राजनीति में सक्रिय रहेगे? तो उन्होंने कहा क्यों नहीं रहेंगे? क्या भाजपा में ही रहेंगे या कहीं और जाएंगे? इस पर श्रीकांत ने कहा कि ये हम अपने लोगों से बात करेंगे, बाद में निर्णय लेंगे। चुनाव लड़ने की कोई तैयारी? इस सवाल पर श्रीकांत ने अपने अंदाज में कहा कि चुनाव लड़ने की तैयारी क्या होती है? चुनाव लड़ने की तैयारी बतानी पड़ती है क्या? समाज जो कहेगा वो होगा।

बता दें श्रीकांत त्यागी नोएडा सेक्टर 93बी में स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में एक महिला से हाथापाई कर रहे थे। पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गयी थी। वीडियो वायरल हुआ तो देश भर में विरोध शुरू हो गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए श्रीकांत को गिरफ्तार कर लिया था।

Exit mobile version