भगवान राम से बड़ी यात्रा कर रहे राहुल गांधी: कांग्रेस सरकार के मंत्री

File Photo

जयपुर। राजस्थान की गहलोत सरकार के स्वास्थ्य मंत्री परसादीलाल मीणा ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तुलना भगवान राम से कर डाली। मंत्री परसादीलाल मीणा ने कहा कि भगवान श्री राम अयोध्या से श्रीलंका तक पैदल गए थे। लेकिन वर्तमान में राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल यात्रा निकाल रहे हैं।

मंत्री परसादीलाल मीणा ने यह बयान सोमवार को दौसा जिले के लालसोट इलाके के बगड़ी गांव में दिया। उन्होंने कहा कि त्रेता युग में वनवास के समय भगवान राम ने भी इतनी लंबी यात्रा नहीं की है। भगवान राम अयोध्या से श्रीलंका तक पैदल गए थे। उससे भी ज्यादा राहुल गांधी की यह ऐतिहासिक पदयात्रा जो कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक जाएगी। मंत्री ने कहा कि देश में जैसा माहौल है, सांप्रदायिकता का वातावरण बन गया है, उसमें राहुल गांधी देश जोड़ने का काम करने वाले हैं। इतनी लंबी पदयात्रा न कभी निकली और न आगे कोई निकाल पाएगा।

वहीं इस मुद्दे पर महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने कहा कि भगवान राम के नाम में ‘आर’ है और राहुल गांधी के भी नाम में आर है । यह एक संयोग है लेकिन हम भगवान राम की तुलना राहुल गांधी से नहीं कर रहे हैं। भाजपा अपने नेताओं के लिए ऐसा करती है। राहुल गांधी एक इंसान हैं और मानवता के लिए, देश के लिए काम कर रहे हैं।

आंध्र प्रदेश के कुरनूल पहुंची राहुल गांधी की यात्रा
इधर आपको बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा एक दिन के विश्राम के बाद फिर से आंध्र प्रदेश के कुरनूल से शुरू हो गई। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस यात्रा को अब तक 41वें दिन हो गए हैं। बता दें कि इस यात्रा के जरिए राहुल गांधी और कांग्रेस कार्यकर्ता 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेंगे और कुल 3750 किमी का सफर पूरा करेंगे। आंधप्रदेश पहुंचने से पहले राहुल गांधी की यह यात्रा कर्नाटक में थी। कनार्टक के वेल्लारी में इस दौरान एक जनसभा आयोजित की गई थी, जिसमें कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल हुए थे। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत भी कर्नाटक के वेल्लारी में हुए कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।

Exit mobile version