सिसोदिया की भगत सिंह से तुलना पर शहीद के परिजन नाराज, कही अपमान न करने की बात

File Photo

चंडीगढ़। शराब घोटाले के आरोपी आम आदमी पार्टी नेता मनीष सिसोदिया की क्रांतिकारी भगत सिंह से तुलना करने पर परिवार नाराज हैं। परिवार का कहना है कि देश की आजादी के लिए जान गंवाने वाले भगत सिंह से भ्रष्टाचार के आरोपियों की तुलना नहीं की जानी चाहिए।

भगत सिंह के परिवारिक सदस्य हरभजन एस दत्त ने कहा कि, “केजरीवाल का यह बयान न केवल भगत सिंह बल्कि सभी क्रांतिकारियों का अपमान है। वह मनीष सिसोदिया की तुलना भगत सिंह से कैसे कर सकते हैं।” हरभजन एस दत्त ने कहा कि भगत सिंह का मिशन राजनीतिक खेल नहीं था, बल्कि देश को समर्पित था। उन्होंने कहा कि राजनीतिक खेल वाला आदमी कभी फांसी पर नहीं चढ़ सकता। भगत सिंह ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। जबकि ये लोग सिस्टम के खिलाफ नहीं बल्कि सत्ता की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल अपना बयान वापस लें और उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

शहीद भगत सिंह के पौत्र यादवेंदर सिंह ने ‘अमर उजाला’ से कहा कि दुनिया के इतिहास में भगत सिंह निःस्वार्थ बलिदान के प्रतीक के रूप में देखे जाते हैं। देश का बच्चा-बच्चा इनकी वीरता की कहानियों को पढ़कर उनके जैसा बनना चाहता है और देश के लिए कुछ करना चाहता है। ऐसे में भगत सिंह जैसे महान देश का सस्ती राजनीति के लिए इस्तेमाल करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को इस तरह की राजनीति से बचना चाहिए।

विपक्ष ने भी AAP को घेरा
पंजाब कांग्रेस और भाजपा ने भी भगत सिंह की तुलना मनीष सिसोदिया से करने पर AAP पर सवाल खड़े किए हैं। विपक्ष ने अरविंद केजरीवाल के इस बयान को दुर्भाग्यपूर्ण कहा है। विपक्ष ने कहा कि भगत सिंह की तुलना शराब के ठेके बांटने वाले व्यक्ति से करने पर अरविंद केजरीवाल को माफी मांगनी चाहिए।

Exit mobile version