मशहूर जादूगर ओपी शर्मा का कानपुर में निधन, सीएम योगी ने जताया दुख

कानपुर। मशहूर जादूगर ओपी शर्मा का शनिवार रात कानपुर में निधन हो गया। ओपी शर्मा किडनी की बीमारी की वजह से फॉर्चून अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ओपी शर्मा के निधन पर शोक जताया है।

मूल रूप से यूपी के बलिया के रहने वाले ओपी शर्मा कानपुर दक्षिण के बर्रा-2 में रहते थे। वे लंबे समय से बीमार थे। कानपुर के फार्च्यून अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनका डायलिसिस भी चल रहा था। ओपी शर्मा के परिवार में पत्नी मीनाक्षी हैं। उनके बड़े बेटे प्रेम प्रकाश शर्मा दिल्ली दूरदर्शन में काम करते हैं। वहीं, मंझले बेटे सत्य प्रकाश शर्मा ने खुद को ओपी शर्मा जूनियर के रूप में स्थापित किया है। तीसरा बेटा पंकज प्रकाश शर्मा प्रिंटिंग प्रेस में काम करता है। सबसे छोटी बेटी रेनू शर्मा यूएसए में रहती हैं।

कानपुर के शास्त्रीनगर कॉलोनी में सबसे पहले उन्होंने अपना ठिकाना बनाया। इसके बाद बर्रा-2 में अपना घर बनवाया। उन्होंने अपने घर का नाम ‘भूत बंगला’ रखा था। बेटे पंकज शर्मा कहते हैं कि देश-विदेश में उनका 34 हजार से अधिक शो हुआ था। मुंबई में उन्होंने अपना पहला कॉमर्शियल शो किया था। वर्ष 2001 में इंडियन मैजिक मीडिया सर्कल ने उन्हें नेशनल मैजिक अवार्ड और शहंशाह ए जादू की उपाधि दी थी। उनके शो का सबसे चर्चित रगबिरंगा इंद्रजाल होता था।

अपने करिश्माई जादू की वजह से ओपी शर्मा ने देश-विदेश में बड़ा नाम कमाया। उनका कहना था कि जिसकी शुरुआत होती है, उसका अंत भी होता है। ये प्रकृति का नियम है। मैं रहूं या न रहूं जादू चलता रहेगा। उनका जादू देखने के लिए दूर-दराज से लोग आते थे। ओपी शर्मा के शो में खचाखच भीड़ भरी रहती थी। जब एक जगह से दूसरी जगह ओपी शर्मा रवाना होते थे तो उनका सारा सामान 16 से अधिक ट्रकों के जरिए जाता था। उनके साथ में 100 से अधिक लोगों की टीम थी। इसमें सहयोगी, पुरुष और महिला कलाकार, संगीतकार, गायक, मेकअप मैन, प्रकाश नियंत्रक समेत कई सहयोगी शामिल होते थे।

विधानसभा चुनाव में भी आजमाया दांव, नहीं मिली सफलता
ओपी शर्मा राजनीति भी दांव आजमाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2002 में कानपुर की गोविंद नगर सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, 2019 में वह बीजेपी में शामिल हुए थे।

Exit mobile version