कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान जारी, सोनिया व प्रियंका गांधी ने डाला वोट

नई दिल्ली। कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए मतदान जारी हैं। वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे और शशि थरूर इस चुनावी मुकाबले में आमने-सामने हैं। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी व प्रियंका गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय पर अपना वोट डाला।

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए सोमवार सुबह दस बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है। चार बजे तक वोटिंग का समय निर्धारित किया गया है। देश भर में 40 केंद्रों पर इसके लिए 68 बूथ बनाए गए हैं। करीब 9800 मतदाता इसमें हिस्सा ले रहे हैं, जो अलग-अलग प्रदेशों के प्रतिनिधि हैं। मतदाताओं को वोटिंग के लिए मतपत्र दिए जाएंगे। इनमें ही इसमें वे अपने पसंद के उम्मीदवार के नाम के आगे टिक (यानी चेक) का साइन बनाकर वोट कर सकेंगे। वोटिंग प्रक्रिया पूरी तरह गुप्त होगी।

मतदान के बाद मतपेटियों को दिल्ली लाया जाएगा, जहां पार्टी मुख्यालय में 19 अक्टूबर को मतगणना होगी और नतीजे घोषित होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 22 साल बाद चुनाव होने जा रहा है और करीब 24 साल के बाद पार्टी की कमान गांधी परिवार के बाहर जाना तय हो गया है।

कर्नाटक में मतदान करेंगे राहुल गांधी
बताया गया है कि भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेने वाले नेताओं के लिए खास व्यवस्था की गई है। राहुल गांधी सहित लगभग 47 लोग रैली के शिविर स्थल पर अपना वोट डालेंगे, जो बेल्लारी, कर्नाटक में होगा। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सोमवार को कर्नाटक के बेल्लारी में सनगनाकल्लू में भारत जोड़ो यात्रा के शिविर स्थल पर मतदान करेंगे।

रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘इस तरह के प्रश्न सामने आ रहे थे कि राहुल गांधी कल कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में कहां वोट डालेंगे। कोई अटकलबाजी नहीं होनी चाहिए। वह बेल्लारी के सनगनाकल्लू में भारत जोड़ो यात्रा के शिविर स्थल में मतदान करेंगे। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के करीब 40 अन्य प्रतिनिधि भी मतदान करेंगे, जो यात्रा में साथ चल रहे हैं।’’ भारत जोड़ो यात्रा के 38 वें दिन आज सुबह यह पदयात्रा कर्नाटक के सनगनाकल्लू से शुरू हुई और बेन्नीकल्लू में संपन्न होगी।

Exit mobile version