सीएम योगी ने कहा- राम मंदिर निर्माण का 50 फीसदी काम पूरा, 2024 में जाएगा तैयार

सीएम योगी

जयपुर/अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में बन रहे श्रीराम मंदिर को लेकर बड़ा बयान दिया है। राजस्थान में एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण का 50 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जयपुर में श्री पंचखंड पीठ द्वारा आयोजित आचार्य धर्मेंद्र के उत्तराधिकारी स्वामी सोमेंद्र की चादरपोशी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करने के दौरान सामाजिक और धार्मिक आंदोलनों में पीठ की भूमिका को रेखांकित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी ने पूर्व प्रधान द्रष्टा आचार्य धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि अर्पित की। आचार्य धर्मेंद्र का हाल ही में निधन हो गया था। योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में कहा कि, “आचार्य धर्मेंद्र का तेज छत्रपति शिवाजी जैसा प्रचंड था। उन्होंने देश की पुरानी और धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाया। आचार्य धर्मेंद्र ने विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में राम मंदिर आंदोलन को तेजी दी थी।”

उन्होंने कहा श्रीपंचखंड पीठ ने सदैव सभी सामाजिक और धार्मिक आंदोलनों में अग्रणी भूमिका निभायी। भारत विभाजन के समय विरोध करने के लिए देश के पूज्य संतों के नेतृत्व में जो आंदोलन चल रहा था, उसमें भी इस पीठ की भूमिका थी। महात्मा रामचंद्र वीर जी महाराज व स्वामी आचार्य धर्मेंद्र जी महाराज आंदोलन में कूद पड़े थे। आजादी के उपरांत जब भी युद्ध थोपे गए तो देश के हित में नागरिक के रूप में हमारा दायित्व क्या होना चाहिए। उसके भी निर्वहन के लिए जनजागरूकता अभियान संतों के नेतृत्व में चल रहे थे, उसमें भी पीठ बढ़चढ़ कर भाग ले रही थी।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने कहा कि मंदिर ट्रस्ट के मुताबिक भगवान राम की मूर्ति को 2024 में मकर संक्रांति के दिन मंदिर के गर्भगृह में रखे जाने की संभावना है। वहीं, मंदिर पूरी तरह से 2024 अंत तक तैयार हो जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि मैं भगवान कृष्ण द्वारा प्रतिपादित ‘कर्मण्यवधिकारस्ते, माँ फलेशु कदचना’ (अपना कर्तव्य निभाओ लेकिन फल की कोई उम्मीद नहीं है) के दर्शन में विश्वास करता हूं। लोग 1949 से राम मंदिर निर्माण का सपना देख रहे थे। मंदिर निर्माण के लिए आंदोलन भी 1949 में शुरू हुआ था। ऐसे में अब तक मंदिर निर्माण का 50 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है।

1800 करोड़ की लागत से बन रहा है राम मंदिर
राममंदिर का निर्माण 1800 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टियों की मानें तो मंदिर निर्माण में लगभग 1800 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। मंदिर को तय समय पर तैयार किया जा सके, इसके लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है।

Exit mobile version