मौत के ढाई महीने बाद क्यों हुआ जापान के पूर्व पीएम का अंतिम संस्कार? जानिए

टोक्यो। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का आज स्टेट फ्यूनरल (राजकीय अंतिम संस्कार) टोक्यो में हुआ। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टोक्यो पहुंचकर आबे को अंतिम विदाई दी। दुनियाभर के 217 देशों के प्रतिनिधि शामिल होने के लिए टोक्यो पहुंचे।

शिंजो आबे की आठ जुलाई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया गया था। अब ढाई महीने बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया है। दरअसल उनकी हत्या के बाद परिवार ने बौद्ध परंपरा के अनुसार 15 जुलाई को उनका अंतिम संस्कार कर दिया था। आज जो स्टेट फ्यूनरल यानी राजकीय अंतिम संस्कार हुआ है वो सांकेतिक है। इसमें आबे की अस्थियों को श्रद्धांजलि के लिए रखा गया।

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की आठ जुलाई की सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के वक्त पूर्व पीएम शिंजो आबे नारा शहर में काउंसलर चुनाव के लिए भाषण दे रहे थे। यह रैली नारा शहर के यमातोसैदाईजी स्टेशन के पास आयोजित की गई थी।

इसी दौरान जापान नेवी के एक पूर्व ऑफिसर ने आबे को पीछे से गोली मारी। पूर्व पीएम को पीठ में गोली लगी। अस्पताल में तीन घंटे तक उनका इलाज चला, लेकिन उनकी जान नहीं बच पाई। आरोपी का नाम तेत्सुया यामागामी है। उसकी उम्र 41 साल है। वह नारा शहर का ही रहने वाला है।

आबे की अंतिम विदाई के लिए दुनियाभर के 217 देशों के प्रतिनिधि पहुंचे हैं। इस दौरान लोगों ने आबे से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को साझा किया। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसके लिए जापान पहुंचे हैं। शिंजो आबे पीएम मोदी के अच्छे दोस्तों में से एक रहे हैं।

Exit mobile version