जापान पहुंचे PM मोदी, शिंजो आबे के अंतिम संस्कार में होंगे शामिल

टोक्यो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार की सुबह जापान के टोक्यो पहुंचे हैं। पीएम मोदी यहां पूर्व जापानी पीएम शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। पीएम मोदी ने आज सुबह खुद ट्वीट कर टोक्यो पहुंचने की जानकारी दी है।

शिंजो आबे को श्रद्धांजलि देने के लिए पीएम मोदी कई वैश्विक नेताओं के साथ शामिल होंगे। पीएम मोदी ने विमान से उतरते समय की उनकी तस्वीरें ट्वीट की और लिखा, ”टोक्यों पहुंच गया हूं।’ उन्होंने जापानी भाषा में भी ऐसा ही एक ट्वीट पोस्ट किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया, “पीएम नरेंद्र मोदी टोक्यो पहुंच गए हैं। आज पूर्व पीएम शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में भाग लेंगे। पीएम मोदी @kishida230 के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। इस बैठक में भारत-जापान को विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को लेकर बातें होगी और भारत-जापान के रिश्ते को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।”

इससे पहले सोमवार को, पीएम मोदी ने ट्वीट किया, “मैं भारत-जापान मित्रता के एक प्रिय मित्र और महान चैंपियन पूर्व पीएम शिंजो आबे के अंतिम संस्कार में भाग लेने के लिए आज रात टोक्यो जाऊंगा।” पीएम मोदी ने कहा, “मैं सभी भारतीयों की ओर से प्रधानमंत्री किशिदा और श्रीमती शिंजो आबे के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करूंगा। हम शिंजो आबे की परिकल्पना के अनुसार भारत-जापान संबंधों को और मजबूत करने के लिए काम करना जारी रखेंगे।”

बता दें मंगलवार को शिंजो आबे के अंतिम संस्कार में 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्षों और सरकारों सहित 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। पूर्व जापानी पीएम शिंजो ने जापान की विदेश नीति को नया रूप दिया था, जिसमें भारत के साथ संबंधों में काफी सुधार हुआ था। शिंजो आबे की 8 जुलाई को दक्षिणी जापानी शहर नारा में एक प्रचार भाषण के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

Exit mobile version