मुस्लिम लड़की से लव मैरिज करने पर हिंदू युवक की हत्या

अहमदनगर। महाराष्ट्र में एक मुस्लिम लड़की से एक महीने पहले लव मैरिज करने वाले दीपक बर्डे नाम के युवक की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

अहमदनगर के श्रीरामपुर के हिंदू आदिवासी दीपक बर्डे का पहले किडनैप किया गया और फिर उसकी पिटाई की गई। परिवार का कहना है कि दीपक बर्डे ने सानिया शेख नाम की एक लड़की के साथ एक महीने पहले प्रेम विवाह किया था। सानिया के घर वालों और उसके रिश्तेदारों को यह शादी नागवार गुजरी। शादी के बाद परिवार वालों की तरफ से दीपक को लगातार धमकी मिल रही थी। इसको लेकर दीपक ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में इसकी शिकायत दर्ज की थी, लेकिन पुलिस ने न तो एफआईआर दर्ज की और न ही कोई एक्शन लिया।

दीपक पिछले 5 दिनों से लापता था, उसका अपहरण किया गया। इसके बाद हत्या करके उसके शव को गोदावरी नदी में फेंका गया। पुलिस नदी में शव की तलाश कर रही है।

दीपक बर्डे के परिवार वालों के समर्थन में बीजेपी के नेता नितेश राणे और पूर्व मंत्री अशोक उइके ने श्रीरामपुर में आदिवासियों के साथ एक बड़ा मोर्चा निकाला और इस मामले में पुलिस की लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने सहित आरोपियों को जल्दी से गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी सजा देने की मांग की है।

Exit mobile version