लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर लगाया पोस्टर, लिखा- यूपी+बिहार= गई मोदी सरकार

लखनऊ। यूपी के लखनऊ में समाजवादी पार्टी दफ्तर के बाहर शनिवार सुबह लगा एक पोस्टर चर्चा में है। पोस्टर में नीतीश कुमार और अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ लिखा है- ‘यूपी+बिहार= गयी मोदी सरकार।’ सपा दफ्तर की दीवार पर लगे इस पोस्टर को सपा नेता आईपी सिंह ने लगवाया है।

सपा नेता आईपी सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में इस तरह का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा, ”यूपी और बिहार देश की दशा और दिशा तय करते हैं। बड़ी आबादी वाले ये दोनों राज्य सियासी लिहाज से सबसे जागरूक प्रदेश हैं। आज देश में विपक्षी दलों ने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यह मोर्चा मोदी सरकार को जड़ से उखाड़ कर फेंकेगा।”

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी हाल में ही देश भर के कई बड़े नेताओं से मुलाकात की और विपक्ष को एकजुट किए जाने का संदेश दिया। यूपी के विधानसभा चुनाव में सपा गठबंधन ने भी 125 सीटों पर जीत दर्ज की थी। उम्मीद की जा रही है कि सपा यूपी में भाजपा को कड़ी टक्कर देगी।

यूपी व बिहार में लोकसभा की कुल मिलाकर 120 सीटें हैं जिन पर 2019 के चुनाव में भाजपा ने 100 से ज्यादा सीटें जीती थी। विपक्ष इन प्रदेशों में भाजपा की सीटें कम कर केंद्र की सत्ता से उसे बेदखल करने की योजना बना रहा है।

बिहार में बीजेपी का साथ छोड़कर नीतीश कुमार के तेजस्‍वी यादव से हाथ मिलाने के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर विपक्षी गोलबंदी की कोशिशें तय हो गई हैं। वहीं समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव बिहार में लगातार महागठबंधन और भाजपा विरोधी मोर्चे के साथ एकजुटता का प्रदर्शन करते रहे हैं।

Exit mobile version