यूपी में 10 साल की बच्ची से मौलवी ने किया घिनौना काम, गिरफ्तार

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जिले में एक मौलवी में एक 10 साल की बच्ची के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया है। शिकायत मिलने पर मौलवी को पकड़ लिया गया है। आगरा पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी है।

शाहगंज क्षेत्र में स्थित धर्मस्थल में हाथरस के सादाबाद कस्बा निवासी माेहम्मद आतिफ बच्चों को दीनी शिक्षा देता था। तीन सितंबर को दस वर्ष की बालिका मस्जिद में शिक्षा लेने गई थी। वहां मौलवी ने उससे घिनौनी हरकत की। बालिका ने घर पहुंचकर स्वजन को जानकारी दी थी। इसके बाद बालिका के पिता ने शाहगंज थाने में दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धारा में मुकदमा लिखाया था। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने मीडिया को बताया कि लड़की की शिकायत के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया। अधिकारी ने कहा, ‘‘मौलवी पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) और IPC की धारा-376 (बलात्कार) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।’’

कुछ महीने पहले संतकबीरनगर में हुई थी ऐसी घटना
इससे पहले उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के मेहदावल क्षेत्र के एक मदरसे के मौलवी पर 7 साल छात्रा से दुष्कर्म का आरोप लगा था। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने मौलवी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर लिया था।

तहरीर के मुताबिक, बच्ची अपने दो भाइयों के साथ मदरसे में पढ़ने गई थी। मौलवी ने 10 बजे सभी बच्चों की छुट्टी कर दी, लेकिन बच्ची और उसके भाइयों को रोक लिया। इसके बाद मौलवी ने दोनों भाइयों को कलम लाने चौराहे पर भेज दिया और बालिका से दुष्कर्म किया। बच्ची ने घर पहुंचने के बाद मां को पूरी घटना की जानकारी दी।

बच्ची ने मां को बताया कि गलत काम करने के बाद मौलवी ने उसे कुछ रुपये भी दिए हैं। इस पर पीड़ित मां ग्रामीणों के साथ मदरसे पहुंची, लेकिन तब तक मौलवी फरार हो गया था। इसके बाद पीड़ित मां थाने पहुंची और मौलवी के खिलाफ लिखित शिकायत की। एसओ जयवर्धन सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। मदरसे के लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। मौलवी सिद्धार्थनगर का रहने वाला है। आरोपी कुछ दिन पहले ही यहां बच्चों को पढ़ाने आया था।

Exit mobile version