सुरक्षा चूक मामले में एक शख्स गिरफ्तार, मुंबई के दौरे पर थे गृहमंत्री अमित शाह

File Photo

मुंबई। गृह मंत्री अमित शाह के सोमवार को मुंबई दौरे के दौरान सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। मुंबई में एक शख्स घंटों उनके आसपास घूमता रहा। उसने खुद को आंध्र प्रदेश के एक सांसद का पीए बताया था। मामले में मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र के धुले जिले के हेमंत पवार को गिरफ्तार किया है।

अमित शाह दो दिनी मुंबई यात्रा के दौरान सोमवार को ‘लालबागचा के राजा‘ के दर्शन करने गए थे। इसी दौरान पवार पर गृह मंत्रालय के एक अधिकारी की नजर पड़ी तो उसने मुंबई पुलिस को इसकी जानकारी दी। इस पर आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी को गिरगांव कोर्ट ने पांच दिन की हिरासत में पुलिस को सौंप दिया। पवार से पूछताछ जारी है।

गिरफ्तार शख्स खुद को आंध्र प्रदेश के एक सांसद का पीए बता रहा था। वो घंटों तक अमित शाह के आसपास घूमता रहा। आरोपी का नाम हेमंत पवार है और वो धूले का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि जब हेमंत पर मंत्रालय के अधिकारियों को शक हुआ तो पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस का कहना है कि इस केस के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी को सीएम और डिप्टी सीएम के आवास के आसपास भी देखा गया था।

सवाल यह है कि इतनी सुरक्षा व्यवस्था के बाद चूक कैसे हुई। अमित शाह की सुरक्षा कई चक्रों में होती है और जब उनका कार्यक्रम होता है तो उनसे मिलने वालों की पूरी जांच पहले ही की जाती है। अब सवाल यह है कि इतनी जांच के बाद यह संभव कैसे हुआ।

बताया जा रहा है कि आरोपी शख्स ने सीआरपीएफ के कुछ जवानों से जब अमित शाह के बारे में पूछताछ की तो शक हुआ कि आखिर बिना किसी संदर्भ के जानकारी हासिल करने का मकसद क्या है। इस संबंध में मुंबई पुलिस का कहना है कि आरोपी शख्स इस सवाल का जवाब नहीं दे पाया कि वो आंध्र प्रदेश के सांसद का पीएम कब और किस समय बना।

Exit mobile version