पॉक्सो कोर्ट के जज ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

प्रतीकात्मक चित्र

कटक। ओड़िसा के कटक में पॉक्सो कोर्ट के एक जज का शव उनके आधिकारिक आवास में लटका हुआ मिला। पुलिस ने घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है।

जज सुभाष कुमार बिहारी की पत्नी और दो बेटियां स्थानीय बाजार गई थीं। दोपहर एक बजे जब वे लोग लौटे तो घर का मेन गेट बंद मिला। जब उन्होंने जबरदस्ती दरवाजा खोला तो उन्होंने जज को पंखे से लटका हुआ पाया। पुलिस मौके पर पहुंची और बिहारी को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि जज सुभाष कुमार बिहारी पिछले दो दिनों से छुट्टी पर थे और शुक्रवार को फिर से काम पर जाने वाले थे। हांलाकि उनके स्टेनो रबी नारायण महापात्र ने बताया कि जज साहब ने आज एक बार फिर काम से छुट्टी के लिए आवेदन किया था। महापात्रा ने कहा कि जज ने आज सुबह उन्हें फोन किया और छुट्टी का आवेदन लिखने को कहा। हालांकि, कुछ घंटों बाद उन्हें खबर मिली कि जज की तबीयत खराब है और उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, पहली नजर में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। सहायक पुलिस आयुक्त, जोन 3, कटक तपस चंद्र प्रधान ने कहा कि जज की गर्दन पर निशान थे, जो फांसी के कारण होते हैं। उनके शरीर पर खरोंच के निशान भी हैं। प्रधान ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों की पुष्टि के लिए आगे की जांच की जाएगी।

जज के भाई सुबोध बिहारी ने कहा कि दोनों के बीच ज्यादा बातचीत नहीं होती थी क्योंकि दोनों अपने-अपने काम में व्यस्त थे। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह कटक में न्यायाधीश के परिवार के भीतर किसी भी समस्या से अनजान हैं।

Exit mobile version