सपा के साथ जाना बड़ी भूल, अब नहीं कोई संबंध: शिवपाल यादव

लखनऊ। यूपी में सपा-प्रसपा में अनबन के बीच पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चाचा और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के संस्थापक शिवपाल सिंह यादव ने एक बड़ा बयान दिया है।

शिवपाल सिंह ने कहा कि अब वह सपा के साथ कोई संबंध नहीं रखेंगे। उन्होंने कहा कि उसने कई बार धोखा दिया है। विधानसभा चुनाव में उनके साथ रहना एक बड़ी भूल थी। अब उनके झांसे में नहीं आएंगे। नगर निगम चुनाव अपने दम पर लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अगर मैनपुरी से मुलायम सिंह यादव लोकसभा चुनाव लड़े तो उन्हें फिर से जिताएंगे, लेकिन उनके न लड़ने पर प्रत्याशी उतारेंगे।

शिवपाल शुक्रवार को अपने कार्यालय में मीडिया को इसकी जानकारी दी। सपा विधायक होने के एक सवाल पर शिवपाल ने कहा कि उन्होंने सपा की सदस्यता लेकर पार्टी के सिंबल पर चुनाव लड़ा, लेकिन सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उन्हें अपना विधायक नहीं मानते हैं।

‘भाजपा से गठबंधन चुनाव के वक्त तय करेंगे’
उन्होंने कहा कि पहले ही कह चुका हूं कि सपा चाहे तो उन्हें बर्खास्त कर सकती है। हालांकि भाजपा से गठबंधन को लेकर शिवपाल ने साफ उत्तर नहीं दिया। शिवपाल सिंह यादव ने बीजेपी से गठबंधन को लेकर कहा कि इस पर वह चुनाव के वक्त तय करेंगे। उन्होंने कहा कि जो हाथ बढ़ाएगा, उसके साथ कार्यकर्ताओं से राय लेकर कंधे से कंधा मिलाकर साथ चलने पर विचार किया जाएगा।

यूपी के साथ अन्य राज्यों में चुनाव लड़ने की तैयारी
प्रसपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य यादव ने कहा कि यूपी के सभी जिलाध्यक्ष नगर निकाय चुनाव की तैयारी में जुटे हैं। निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत के अध्यक्ष, पार्षद सभी पद पर चुनाव लड़ेंगे। गुजरात, मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों के लोग भी पार्टी के संपर्क में हैं। इन राज्यों में भी पार्टी खड़ी की जाएगी।

Exit mobile version