नदी में गिरी किसानों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां की गर्रा नदी में किसानों से भारी एक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर गिर गई। सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जाहिर किया है।

घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजे की है। पाली क्षेत्र के निजामपुर पुलिया के पास खीरा मंडी लगती है। नदी पार स्थित बेगराजपुर गांव के किसान सुबह मंडी में खीरा बेचने गए थे, खीरा बेचकर वापस लौटते समय गर्रा पुल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। मौके पर आसपास के गांव की भीड़ जुट गई।

चीनी मिल रूपापुर के कर्मचारी भी हाइड्रा मशीन के साथ मौके पर पहुंच गए। ट्रैक्टर को क्रेन की मदद से बाहर निकाला जा रहा है। हालांकि ट्रॉली का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि 13 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है जबकि बाकियों की तलाश की जा रही है। छह या उससे अधिक किसान लापता है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार घटना पर नजर बनाए हुए हैं। लगातार राहत कार्य जारी है।

उधर, घटना पर सीएम कार्यालय की ओर से ट्वीट किया गया है। ट्वीट में लिखा गया है, ‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद हरदोई में ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में गिरने के हादसे पर गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री जी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पहुंचकर राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं।’

Exit mobile version