गाजियाबाद। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य के में एसएसपी मुनीराज जी ने हाथोंं में तिरंगा लेकर करीब 22 किलोमीटर दौड़कर राष्ट्र भावना का संदेश दिया। शनिवार आधी रात उन्होंने यह दौड़ थाना निवाड़ी से शुरू की और मुरादनगर क्षेत्र में दुहाई पॉइंट पर पहुंचकर संपन्न हुई।
देश में आजादी के अमृत महोत्सव को लोग अलग अलग अंदाज में मना रहे हैं। कुछ लोग पैदल तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं तो कुछ लोग बाइक पर तिरंगा लहराते हुए अपना जोश दिखा रहे हैं। गाजियाबाद एसएसपी ने देशभक्ति की भावना को प्रबल करने का संदेश अपने अलग अंदाज में दिया। इसके लिए उन्होंने 22 किलोमीटर लंबी हॉफ मैराथन दौड़ पूरी की। इस दौरान उन्होंने अपनी दौड़ गाजियाबाद के देहात में स्थित निवाड़ी थाने से शुरू की और मोदीनगर और मुरादनगर थाने होते हुए दुहाई पर पहुंच कर समाप्त किया।
कई मैराथन जीत चुके हैं मुनीराज
IPS ऑफिसर मुनीराज का दौड़ने का शौक पुराना है। वह कई प्रतियोगिताओं में भी इनाम जीत चुके हैं। 19 नवंबर 2017 को दिल्ली में हाफ मैराथन हुई। मुनीराज जी. ने इसे 1 घंटा 40 मिनट में पूरा किया। गाजियाबाद और बुलंदशहर जिले में वे कई बार दौड़ते-दौड़ते किसी भी थाने में निरीक्षण करने के लिए पहुंच चुके हैं। मुनीराज अब तक तीन से ज्यादा बार मैराथन दौड़ चुके हैं। वे अपनी फिटनेस पर पूरा ध्यान देते हैं और इसके लिए प्रदेश के पुलिस अफसरों में उनकी अलग पहचान है।
साइकिलिंग करने का भी शौक
एसएसपी मुनीराज जी. को साइकिलिंग का भी शौक है। पिछले दिनों वे मॉर्निंग में साइकिल चलाते हुए गाजियाबाद में भोजपुर थाने का निरीक्षण करने के लिए पहुंच गए थे। अक्तूबर-2020 में जब सौ करोड़ लोगों का वैक्सीनेशन पूरा होने पर देश ने जश्न मनाया तो आगरा में तत्कालीन एसएसपी रहे मुनीराज जी. ने 100 किलोमीटर की साइकिल रैली निकाली थी।