लद्दाख में सेना का वाहन नदी में गिरने से 7 जवानों की मौत

लद्दाख के तुरतुक सेक्टर (Turtuk Sector) में सेना का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्‍त हुआ है। इसमें 26 जवान सवार थे। इनमें से सात की जान चली गई है। अन्य को भी गंभीर चोटें आई हैं। वाहन सड़क से फिसलकर श्‍योक नदी में जा गिरा।

यह सड़क हादसा थोइस से लगभग 25 किमी दूर हुआ। शुक्रवार को 26 जवानों का एक दल परतापुर के ट्रांजिट कैंप से सब सेक्टर हनीफ के फॉर्वर्ड लोकेशन की ओर बढ़ रहा था। सुबह लगभग 9 बजे वाहन सड़क से फिसल गया और श्योक नदी में गिर गया। सड़क से नदी की गहराई लगभग 50-60 फीट तक है। इसके चलते वाहन में सवार सभी जवानों को गंभीर चोटें आईं। इनमें से सात ने दम तोड़ दिया। इन सभी 26 जवानों को परतापुर के 403 फील्ड अस्पताल में पहुंचाया गया। लेह से सर्जिकल टीमों को परतापुर भेजा गया है।

एक अधिकारी ने कहा कि अब तक सात लोगों को शहीद घोषित किया जा चुका है। अन्य को भी गंभीर चोटें आई हैं। यह सुनिश्चित करने के लिए समर्पित प्रयास चल रहे हैं कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए। लोकसभा स्‍पीकर ओम ब‍िरला ने इस दुर्घटना पर शोक जाहिर किया है। उन्‍होंने पीड़ित परिवारों को संवेदनाएं जताई हैं। उन्‍होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

Exit mobile version