हरियाणवी सिंगर संगीता की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

रोहतक। लगभग दो सप्ताह से लापता हरियाणवी सिंगर संगीता की लाश मिली है। परिवार ने उसके साथ काम करने वाले रवि और रोहित नाम के दो लोगों पर अपहरण और हत्या का आरोप लगाया। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, हरियाणा पुलिस ने संगीता की लाश का पोस्टमॉर्टम करवाया है।

हरियाणवी सिंगर संगीता, दिल्ली में रहती थी। उसके परिवार ने आखिरी बार उसे 11 मई को देखा था। उसके तीन दिन बाद उसके अपहरण का मामला दर्ज कराया गया। परिजनों के आरोप हैं कि, उसके साथ काम करने वाले रवि और रोहित नाम के दो लोगों ने उसका अपहरण कर हत्या की है। संगीता के गायब होने की एफआईआर आईपीसी की धारा 365 के तहत जेपी कलां थाने में दर्ज की गई थी।

संगीता के परिजनों के मुताबिक, वह रोहित के साथ एक म्यूजिक वीडियो की शूटिंग के लिए भिवानी गई थी। रोहतक में महम के पास एक होटल के सुरक्षा कैमरे के फुटेज में उन्हें खाना खाते हुए देखा जा सकता है। परिजनों ने इस मामले में पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

वहीं कल संगीता की लाश हरियाणा राज्य के रोहतक जिले में एक राजमार्ग के पास मिली, जहां उसे दफन पाया गया। दिल्ली पुलिस की ओर से अभी कहा गया कि, जो आरोपी हमारी पकड़ में है, कुबूल कर लिया है कि उन्होंने संगीता की हत्या की साजिश रची थी। उन्होंने उसे म्यूजिक वीडियो बनाने के बहाने बुलाया था। संगीता का शव पीजीआई-रोहतक में रखा गया है।

Exit mobile version