गाजियाबाद: फौजी पति को वीडियो कॉल कर फंदे से झूली महिला सिपाही

गाजियाबाद। महिला सिपाही ने गुरुवार को फांसी लगाकर जान दे दी। जान देने से पहले उसने अपने फौजी पति को वीडियो कॉल की। फौजी पति ने कॉल पर महिला को रोकने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मानी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच बेटे को अपने पास रखने को लेकर विवाद था।

मूलरूप से बुलंदशहर में अगौता थाना क्षेत्र के गांव मानपुर में रहने वाली 28 साल की रोहिणी मलिक कांस्टेबल थी। 2016 बैच की सिपाही रोहिणी फिलहाल गाजियाबाद में तैनात थी। वह कविनगर थाना क्षेत्र के आरकेपुरम स्थित में मकान में रहती थी। चार साल पहले रोहिणी की शादी गौतमबुद्धनगर के जारचा निवासी संदीप मलिक से हुई थी। संदीप मलिक भारतीय सेना में जालंधर में पोस्टेड हैं। रोहिणी और संदीप का दो साल का बेटा है।

नौकरी की व्यस्तता के चलते रोहिणी ने अपने दो साल के मासूम बच्चे को मायके में छोड़ रखा था। इसे लेकर दंपति में अक्सर विवाद होता था। संदीप अक्सर रोहिणी से कहता था कि वह बच्चे को साथ रखे और ससुराल में रहकर नौकरी करे। रोहिणी इन दोनों बातों से नाराज थी।

पुलिस के मुताबिक गुरुवार को रोहिणी ने अपने पति को वीडियो कॉल की और कमरे में फांसी के फंदे पर झूलने लगी। संदीप ने उसे नीचे उतरने के लिए कहा लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद संदीप ने मकान मालिक को फोन करके पूरा घटनाक्रम बताया। मकान मालिक जब कमरे में पहुंचा तो रोहिणी फंदे पर लटक चुकी थी और उसकी मौत हो गयी। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Exit mobile version