36 इंच के दूल्हे ने 34 इंच की दुल्हन को बनाया जीवनसाथी, अनोखी शादी में सेल्फी लेने की मची होड़

भागलपुर। बिहार के भागलपुर में हुई एक शादी हर किसी की जुबान पर है। इस शादी में दूल्हा और दुल्हन बेहद खास थे क्योंकि दूल्हा 36 इंच का और दुल्हन 34 इंच की थी। दोनों खुशी-खुशी शादी के फेरे लेकर हर किसी की तरह भविष्य की सपने संजोए जन्म जन्मांतर के लिए एक दूजे के हो गए। इस अनोखी शादी में शामिल लोग वर-वधू के साथ सेल्फी लेते और वीडियो बनाते नजर आए। इस मौके पर सभी ने नए जोड़े को आशीर्वाद दिया।

जिले के नवगछिया में सोमवार की रात यह अनोखी शादी हुई। अभिया बाजार निवासी किशोरी मंडल उर्फ गुजो मंडल की पुत्री ममता कुमारी (24) ने मसारू निवासी बिंदेश्वरी मंडल के पुत्र मुन्ना भारती (26) के साथ शादी सात फेरे लिए। इस शादी समारोह में हजारों की संख्या में स्थानीय निवासी पहुंच गए। दरअसल, दूल्हा-दुल्हन का छोटा कद शादी को अनोखा बना रहा था। जो कोई इस नजारे को देख रहा था वो यही कह रहा था मानो सजीव गुड्डा-गुड़िया की शादी हो रही हो। दूल्हा मुन्ना भारती 36 इंच यानी तीन फीट और दुल्हन ममता कुमारी 34 इंच यानी 2.86 फीट की है।

लोगों ने इस अनोखी शादी को कैमरे में कैद कर लिया। इस दौरान कई लोगों ने वीडियो बनाया और कई ने सेल्फी ली। शादी समारोह देखकर लग रहा था कि मानो किसी सेलिब्रिटी की शादी हो रही है। लोगों ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया।

एक नृत्य पार्टी में काम करता है दूल्हा मुन्ना
दूल्हा लैलख के एक नृत्य पार्टी में एक कलाकार का काम करता है। वहीं लड़की का भाई छोटू छलिया की ऊंचाई भी बहुत कम है। वह भी सर्कस में कलाकार है। दुल्हन के पिता की मौत के बाद भाई छोटू ने ही छोटी बहन की परवरिश की और बहन के मुताबिक दूल्हा देखकर उसकी शादी कर दी।

Exit mobile version