जहांगीरपुरी में शांति का संदेश, कड़ी सुरक्षा के बीच निकाली गई तिरंगा यात्रा

दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के जहांगीरपुरी इलाके में 16 अप्रैल को हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद हिंदुओं और मुसलमानों ने शांति और सौहार्द का संदेश देते हुए रविवार को तिरंगा यात्रा निकाली। तिरंगा यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

डीसीपी नॉर्थ-वेस्ट उषा रंगानी ने बताया कि हमने दोनों समुदायों के सदस्यों को मिलाकर एक संयुक्त शांति समिति का गठन किया। उन्होंने जहांगीरपुरी में एक ‘तिरंगा यात्रा’ आयोजित करने और लोगों से सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की अपील करने का प्रस्ताव रखा। यात्रा में दोनों समुदायों के 50-50 लोगों ने लिया हिस्सा।

तिरंगा यात्रा कुशल चौक से शुरू होकर पूरे सी-ब्लॉक का चक्कर लगाने के बाद कुशल चौक पर ही समाप्त हुई। सी-ब्लॉक के कई निवासी सड़कों के किनारे खड़े रहे जबकि अन्य ने अपनी खिड़कियों और बालकनी से रैली देखी। दर्शकों ने भी तिरंगा लहराया और रैली में शामिल लोगों पर पुष्पवर्षा की।

बता दें कि शुक्रवार को हुई अमन कमेटी की बैठक में तिरंगा यात्रा निकालने के बारे में फैसला लिया गया था। जहांगीरपुरी में हनुमान जन्मोत्सव पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा को भुलाकर लोग आपसी सौहार्द निभाते दिख रहे हैं। एक सप्ताह से लाकडाउन जैसे माहौल में रह रहे लोग अब सब चीजों को दरकिनार कर सामान्य जीवन की ओर बढ़ रहे हैं। जहांगीरपुरी सी-ब्लाक में जहां पर हिंसा हुई थी, वहां भी हालात सामान्य होते दिखाई दे रहे हैं। शनिवार को लोग घरों से बाहर निकल गलियों में घूमते व एक-दूसरे से मिलते दिखे। महिलाएं भी खरीदारी करती दिखीं। बच्चे भी स्कूल जाते-आते नजर आए।

Exit mobile version