भारत को इस्लामिक देश बनने से रोकना है तो अधिक बच्चे पैदा करें हिंदू, यति नरसिंहानंद का विवादित बयान

ऊना। यूपी के गाजियाबाद स्थित डासना देवी मंदिर के विवादित बयानों के चर्चित महंत यति नरसिंहानंद के संगठन ने भारत को इस्लामिक देश बनने से बचाने के लिए हिंदुओं से अधिक बच्चों को जन्म देने की अपील की है।

हिमाचल प्रदेश के ऊना में एक ‘धार्मिक’ सम्मेलन में नरसिंहानंद ने कहा कि वर्तमान समय में हिन्दू समाज पतन की ओर बढ़ रहा है, पहले सिर्फ अमरनाथ यात्रा और वैष्णो देवी की यात्रा पर पथराव होता था, अब राम नवमी, हनुमान जयंती किसी भी हिन्दू पर्व पर पथराव होने लगा है। इससे ज्यादा हिन्दुओं के लिए बुरा क्या होगा।

आगे उन्होंने कहा कि देश की राजनीतिक व्यवस्था मुसलमानों के प्रति झुकाव रखती है। यही कारण है कि हिन्दुओं के साथ बुरा व्यवहार हो रहा है। हिन्दुओं को ज्यादा से ज्यादा बच्चे पैदा करके उन्हें बलशाली बनाना चाहिए ताकि वो अपने परिवार की रक्षा कर सकें। इससे पहले महंत ने इस महीने मथुरा में हिंदुओं से देश को आगामी दशकों में हिंदू-विहीन बनने से रोकने के लिए अधिक बच्चों को जन्म देने का अनुरोध किया था।

अखिल भारतीय संत परिषद के हिमाचल प्रदेश के प्रभारी यति सत्यदेवानंद सरस्वती ने बताया कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, क्योंकि यह हिंदू बहुल है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में ऊना जिले के मुबारकपुर में संगठन की तीन दिवसीय ‘धर्म संसद’ के पहले दिन दावा किया कि मुसलमान नियोजित तरीके से कई बच्चों को जन्म देकर अपनी आबादी बढ़ा रहे हैं। इसलिए हमारे संगठन ने भारत को इस्लामिक देश बनने से रोकने के लिए हिंदुओं से अधिक बच्चों को जन्म देने के लिए कहा है।

Exit mobile version