खेलने के दौरान यमुना में डूबे चार बच्चे, एक का शव मिला

प्रतीकात्मक चित्र

दिल्ली। दिल्ली की यमुना नदी के किनारे खेलने के दौरान चार किशोर नदी में डूब गए। बचाव कार्य के दौरान 13 वर्षीय बच्चे फरमान का शव शाम के समय मिल गया। तीन बच्चों को तलाशने के लिए बचाव कार्य जारी है। दिल्ली पुलिस के अलावा डिजास्टर मैनेजमेंट, दमकल विभाग के साथ गोताखोर बच्चों को तलाशने में लगे हैं।

दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी ईशा पांडेय ने बताया कि यमुना में डूबे तीन अन्य बच्चों की पहचान जैतपुर एक्सटेंशन निवासी मोहम्मद अली (11), रिहान (13) और साहिल (13) के रूप में हुई है। फरमान भी जैतपुर एक्सटेंशन का रहने वाला था। डीसीपी ईशा पांडेय के अनुसार बुधवार दोपहर को 3.26 बजे कॉल मिली थी कि यमुना के किनारे खेल रहे चार बच्चे गायब हो गए हैं।

जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम को फोन करने वाले कॉलर सदकत मिले। उन्होंने बताया कि उनका बेटा मोहम्मद अली अपने तीन साथियों के साथ यमुना के किनारे विश्वकर्मा घाट पर खेलने आया था, लेकिन काफी देर से नहीं लौटा है। उन्होंने बताया कि उन्हें नदी के किनारे बच्चों के कपड़े और चार जोड़ी चप्पलें तो दिखीं, लेकिन बच्चे नहीं मिले।

पुलिस ने पांच गोताखोरों के साथ मिलकर बच्चों की तलाश शुरू की, जो देर रात तक जारी रही। इस दौरान गोताखोरों को 13 साल के बच्चे फरमान का शव मिला है। बाकी तीन बच्चों की तलाश अभी भी जारी है। बच्चों के माता-पिता मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं। अभी तक जांच में ये बात सामने आई है कि बच्चे यमुना के दलदल वाले इलाके में नहाते हुए गहरे पानी में डूब गए।

Exit mobile version