‘चुनावी हिंदू हैं राहुल गांधी’, भगवान राम को लेकर टिप्पणी के लिए संबित पात्रा ने साधा निशाना

नई दिल्ली। भाजपा ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी को ‘चुनावी हिंदू’ करार दिया और कहा कि वे हिंदू होने का दिखावा करते हैं।

संबित पात्रा पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के हाल में दिए गए एक भाषण पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। इस दौरान राहुल गांधी ने एक भाजपा नेता से अपने संवाद का उल्लेख किया था। राहुल के अनुसार, भाजपा नेता ने उनको बताया कि वे पुनर्जन्म में विश्वास नहीं रखते हैं। इस पर राहुल ने उनसे पूछा कि अगर वे पुनर्जन्म में विश्वास नहीं रखते हैं तो राम में कैसे विश्वास रख सकते हैं?

पात्रा ने सत्ता के बीच में पैदा होने के बावजूद सत्ता में दिलचस्पी न होने संबंधी राहुल के बयान का भी जिक्र किया। कहा कि उनके इस बयान का उद्देश्य लोगों को ‘उकसाना’ था और भगवान राम के अस्तित्व पर ‘सवाल’ उठाना उनकी हताशा को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के लिए गांधी परिवार किसी भी हद तक जा सकता है।

उन्होंने कहा, जिस प्रकार कुछ नेता भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठा रहे हैं और लोगों को उकसा रहे हैं..यह नहीं होना चाहिए था। ऐसा लगता है कि राहुल गांधी इस बात को पचा नहीं पा रहे हैं कि भारत का विश्वास भगवान राम में है। इससे कांग्रेस का चरित्र परिलक्षित होता है।

पात्रा ने कांग्रेस द्वारा राहुल गांधी को ‘जनेऊधारी हिंदू’ कहे जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘राम के अस्तित्व पर हमला’ कर कांग्रेस नेता ने साबित कर दिया है कि वे सिर्फ चुनावी फायदे के लिए खुद को हिंदू बताते हैं।

Exit mobile version