केजरीवाल को हिमाचल प्रदेश में बड़ा झटका, पार्टी अध्यक्ष समेत कई बड़े नेता बीजेपी में शामिल

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा झटका लगा है। राज्य के आप प्रमुख अनूप केसरी और अन्य दो नेता शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।

दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निवास पर देर रात आम आदमी पार्टी की हिमाचल इकाई के संयोजक अनूप केसरी संगठन महामंत्री सतीश ठाकुर और ऊना विधानसभा के अध्यक्ष इकबाल सिंह ने आम आदमी पार्टी को छोड़ भाजपा का दामन थामा है। स मौके पर उन्होंने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने केजरीवाल पर मंडी निर्वाचन क्षेत्र में रोड शो के दौरान पार्टी नेताओं के अपमान का आरोप लगाया।

केसरी ने कहा, “हम हिमाचल प्रदेश में पिछले आठ वर्षों से आप के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ चौबीसों घंटे काम कर रहे थे। लेकिन, अरविंद केजरीवाल ने मंडी में रैली और रोड शो के दौरान राज्य के पार्टी कार्यकर्ताओं की अनदेखी की। पहाड़ी में राज्य आप कार्यकर्ताओं ने इस अनदेखी को अपमान माना और स्वाभिमान के लिए पार्टी छोड़ दी।”

साथ ही इन पदाधिकारियों का कहना है कि एक तरफ जहां आम आदमी पार्टी अपनी जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर रही है तो वही दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष देर रात अपने घर में उन्हें सम्मान दे रहे है। आम आदमी पार्टी छोड़ चुके उनके प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी का दावा है कि आने वाले वक्त में हिमाचल में बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पार्टी का साथ छोड़ देंगे।

बता दें कि 6 अप्रैल को मंडी में अरविंद केजरीवाल ने रोड शो किया था। इस दौरान उनके साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान थे। पंजाब में जीत के बाद से लगातार कई कांग्रेस और भाजपा के नेता पार्टियां छोड़ कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं लेकिन अब पार्टी के तीन प्रमुख नेताओं के भाजपा में शामिल होने से आप को झटका लगा है।

Exit mobile version