अखिलेश यादव बोले- थाने, तहसील व कलेक्ट्रेट बन गए भ्रष्टाचार का अड्डा

लखनऊ। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में थाने, तहसील व कलेक्ट्रेट भ्रष्टाचार के अड्डा बन गए हैं। भाजपा सरकार की जीरो टालरेंस नीति महज दिखावा है। सत्ता के संरक्षण में प्रशासन निर्दोष व गरीबों का उत्पीडऩ करने में लगा है। किसानों पर बुलडोजर चल रहा है। झूठ के सहारे अभी से उपलब्धियां गिनाई जा रही हैं।

अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की पिछली सरकार में पांच लाख नौकरियां दिए जाने का दावा किया गया था जिसका डाटा आज तक सार्वजनिक नहीं किया गया। अब भाजपा सरकार 100 दिन में 10 हजार नौकरियां देने का वादा कर रही है। इनकी करनी और कथनी को सभी ने देखा है। भाजपा सरकार की नई घोषणाएं महज झांसा हैं। युवाओं की नौकरी, रोजगार के प्रति भाजपा सरकार पूरी तरह संवेदनशून्य है। बेरोजगारी के कारण नौजवान आत्महत्या करने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि मेरठ में भाजपा नेता के साथी एक गरीब वेज बिरयानी वाले की लाचारी का फायदा उठा कर उसकी रोजी-रोटी को तहस-नहस कर दिया। गोसाईगंज पुलिस ने निर्दोष युवक को फर्जी मुकदमे में जेल भेज दिया। भाजपा दफ्तर के बाहर पीडि़त मां द्वारा न्याय की गुहार लगाते हुए खुद को आग लगा लेने की घटना दुखद है। एटा में कर्ज में डूबा किसान खुदकुशी के लिए मजबूर हो गया। कानपुर देहात में खेत में मिट्टी का खनन होने से परेशान किसान ने भी आत्महत्या का रास्ता चुना। यह भाजपा राज में कानून व्यवस्था का हाल है।

इसस पहले तीन अप्रैल को भी अखि‍लेश यादव ने ट्वीट कर भाजपा सरकार पर हमला बोला था। आखि‍लेश ने कहा था क‍ि, ‘भाजपा के राज में बेकारी, बदहाली व बेरोज्‍गारी से तो आर्थिक असुरक्षा है ही अब तो जो कुछ पैसा लोगों के बैंक में बचा भी है वो या तो बैंक के बाहर या अंदर लूट लिया जा रहा है। लॉकर तक से चोरी हो रही है। अब जनता बैंक-लॉकर में रखे जरूरी कागजात व जेवर की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित है।’

Exit mobile version