धोनी ने छोड़ी सीएसके की कप्तानी, रविंद्र जडेजा बने कप्तान

चेन्नई। आईपीएल के नए सीजन के आगाज से 2 दिन पहले चेन्नई को चार बार खिताब दिलाने वाले एमएस धोनी ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने रविंद्र जडेजा को कप्तानी सौंपी है। धोनी बतौर खिलाड़ी पंद्रहवें सीजन में चेन्नई के लिए उपलब्ध रहेंगे।

धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 12 सीजन में शानदार प्रदर्शन किया और केवल एक बार प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी। धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम रिकॉर्ड 9 बार फाइनल में पहुंची और चार बार खिताब अपने नाम करने में सफल हुई। साल 2021 में धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने चौथी बार आईपीएल का खिताब जीता था।

वहीं जडेजा काफी समय से चेन्नई की टीम के साथ हैं। वह साल 2012 से चेन्नई की टीम में खेल रहे हैं। वह चेन्नई की कप्तानी करने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी हैं। इससे पहले धोनी और सुरेश रैना टीम की कमान संभाल चुके हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इस बात की जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है, ‘धोनी चेन्नई इस सीजन और आगे भी चेन्नई का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे।’ चेन्नई सुपर किंग्स का पहला मैच 26 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होगा। यह मैच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।

Exit mobile version