गाजियाबाद: सोशल मीडिया पर हुक्का बार के दो वीडियो वायरल

गाजियाबाद। जिले में हुक्काबारों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। थाना-चौकी के पास भी धड़ल्ले से हुक्काबारों का संचालन हो रहा है। सोशल मीडिया में वायरल हुए वीडियो में किशोरों के साथ एक युवती भी नशा कर रही है। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है।

शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर दो वीडियो वायरल हुए। पहला वीडियो माइ कास्टल कैफे, वसुंधरा सेक्टर-15 का बताया गया। 12 सेकेंड के उस वीडियो में एक किशोर हुक्का गुड़गुड़ाते दिख रहा है। वह हुक्का पीकर धुएं का छल्ला बना रहा है। दूसरा वीडियो तमारा कैफे, वसुंधरा सेक्टर-10 का बताया जा रहा है। 14 सेकेंड के दूसरे वीडियाे में कई किशोर और किशोरियां हुक्का पीते दिख रहे हैं। इन दोनों वीडियो से साफ हो रहा है कि जिले में बेरोकटोक हुक्काबार चल रहे हैं।

वायरल वीडियो में इंस्टाग्राम पर एक कैफे के नाम पर बने अकाउंट में युवक हुक्के से नशा कर धुआं उड़ाता दिख रहा है। उसके पीछे बॉलीवुड गाना बजाया जा रहा है। वीडियो को 1572 लोगों ने देखा और कई लोगों ने शेयर भी किया। दूसरी वीडियो में एक युवक ने अपने व्यक्तिगत अकाउंट से वीडियो पोस्ट किया हुआ है। इसमें उसके साथ युवती भी शामिल है। सोफे पर बैठा युवक सबसे पहले हुक्का से नशा करता है और फिर बाद में युवती उसके हाथ से हुक्का लेकर हवा में धुआं उड़ाती है।

एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version