गाजियाबाद: नगर निगम ने बकायेदारों के भवनों को किया सील

गाजियाबाद। नगर निगम ने 50 हजार से ज्यादा रकम वाले टैक्स बकाएदारों के खिलाफ दूसरे दिन बुधवार को भी अभियान चलाया। इस दौरान आनंद औद्योगिक क्षेत्र, विजयनगर और सिटी जोन में 10 संपत्तियों को सील किया गया। वहीं, कई बकाएदारों ने मौके पर ही टैक्स की बकाया रकम जमा कराकर सीलिंग की कार्रवाई रुकवाई।

मोहन नगर जोन में लोनी-भोपुरा रोड पर दो औद्योगिक इकाइयों पर तीन लाख रुपया बकाया होने पर उन्हें सील कर दिया। वहीं, 30 भवनों पर बकाया 25 लाख की रकम वसूली के लिए नोटिस चस्पा किया गया है। सिटी जोन में 14 बकाएदारों के भवनों को नगर निगम की टीम सील करने पहुंची। इन पर संपत्ति कर का 7.84 लाख रुपया बकाया था। सीलिंग की कार्रवाई से बचने के लिए इन बकाएदारों ने 5.82 लाख रुपये चेक से, 1.70 लाख रुपये कैश और 31 हजार से ज्यादा की रकम ऑनलाइन जमा कराई गई। नगर निगम ने इनमें से लोहिया नगर के दो भवनों को नगर निगम ने सील किया।

वसुंधरा जोन में नगर निगम ने कौशांबी के जयपुरिया एंकलेव, आदित्य मॉल, जयकिशन एस्टेट प्रा.लि. (डी मॉल) पर सीलिंग के लिए नोटिस चस्पा किया। इन संस्थानों पर नगर निगम का करीब 76 लाख रुपया बकाया है। सबसे ज्यादा 40 लाख रुपये जयपुरिया एंकलेव पर बकाया है। आदित्य मॉल पर 5 लाख, डी-मॉल पर 27 लाख रुपये और अंसल प्लाजा पर 4 लाख रुपये बकाया है। नगर निगम की टीम विजयनगर में 6 बकाएदारों पर कार्रवाई करने पहुंची। इनमें से तीन दुकानों को सील कर दिया गया, जबकि अन्य बकाएदारों ने चेक से टैक्स जमा करा दिया। एक बकाएदार ने मोहलत ली है।

Exit mobile version