सनकी आशिक के एकतरफा प्यार में युवती की हत्या, अब गृह मंत्री से इस्तीफा मांग रहे लोग

सूरत। गुजरात के सूरत में एकतरफा प्यार में सनकी लड़के ने परिजनों के सामने युवती की गला रेत कर हत्या कर दी। शख्स ने इसके बाद खुद भी अपनी जान देने की कोशिश की। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसका इलाज चल रहा है। इस घटना से पूरा शहर स्तब्ध है, गुस्से में है। लोग अब हत्यारे को फांसी देने की मांग कर रहे हैं।

शनिवार को 21 साल की युवती ग्रीष्मा वेकरिया को लोगों के सामने फेनिल गोयानी नाम के सहपाठी ने पहले बंधक बनाया था और फिर गला रेत कर उसकी हत्या कर दी थी। इससे पहले उसने उसके गले पर चाकू रखकर लड़की के परिजनों को भी डराया-धमकाया था। उस दौरान वहां लोग तमाशबीन बनकर देखते रहे और उसे किसी ने बचाने की कोशिश नहीं की। जब मृतक ग्रीष्मा को बचाने के लिए उसका भाई ध्रुव वेकरिया और उसके चाचा सुभाष भाई आगे बढ़े थे तो सनकी युवक ने उनके ऊपर भी चाकू से हमला कर घायल कर दिया था।

घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिसमें उसे साफ देखा जा सकता है। लोग उसे रोकने की कोशिश कर रहे हैं, चीख-चिल्लाहट मची थी मगर उसने किसी की नहीं सुनी। युवती का उसने गला काटा। वहीं, युवती के परिजनों पर भी हमला किया। युवती की हत्या के बाद फेनिल ने खुद भी जान देने की कोशिश की। वह भीड़ के हाथ नहीं आया। कहीं जाकर, उसने नींद की गोलियां खा ली थी। जब वह मिला तो उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से मंगलवार को उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। वहीं से कामरेज पुलिस ने उसे धर लिया।

पुलिस उपाधीक्षक बीके वनार ने बताया कि मामले में आरोपी फेनिल गोयानी को शनिवार को कामरेज इलाके से गिरफ्तार किया गया था। उसने 21 वर्षी ग्रीष्मा वेकारिया की कथित तौर पर हत्या कर दी क्योंकि उसने उसका प्रेम प्रस्ताव स्वीकार करने से इनकार कर गिया था। पुलिस के अनुसार आरोपी फेनिल गोयानी और युवती दोनों स्कूल में साथ पढ़ा करते थे।

सूरत में वेलेंटाइन डे से ठीक दो दिन पहले एकतरफा प्यार में युवक द्वारा लड़की की गला रेतकर हत्या के मामले में अब गुजरात सरकार के गृह मंत्री हर्ष संधवी लोगों के गुस्से का शिकार हो रहे हैं। मृतक युवती के अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ ने शहर में गृहमंत्री हर्ष संधवी के इस्तीफे की मांग करते हुए पोस्टर लगाए हैं।

पोस्टरों में लिखा गया है कि भाउ यानी सी.आर.पाटिल के राज में खुद का होम टाउन नहीं संभाल पाने वाले गृहमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। वहीं दूसरे पोस्टर में लिखा गया है, कि गृहमंत्री के होम टाउन क्राइम सीट ऑफ सूरत में आपका स्वागत हैं।

Exit mobile version