गाजियाबाद में हिजाब के समर्थन में सड़क पर उतरी महिलाएं, मुकदमा दर्ज

गाजियाबाद। कर्नाटक में स्कूल-कॉलेज में हिजाब के समर्थन में हुआ विवाद अब गाजियाबाद पहुँच गया है, रविवार को खोड़ा में मुस्लिम महिलाओं व युवतियाें ने हिजाब के समर्थन में प्रदर्शन किया। कहासुनी के बीच प्रदर्शनकारियों की पुलिस से धक्कामुक्की हुई। इस बीच थाना प्रभारी की वर्दी फट गई। प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आचार संहिता और धारा-144 के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज होगा।

जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 2:30 बजे 15-20 मुस्लिम महिलाएं, युवतियां और कुछ लोग हिजाब के विवाद पर पोस्टर लेकर शनि बाजार में पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे। इससे लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। प्रदर्शन में हिजाब पहनकर शामिल हुईं महिलाओं ने काफी देर तक हिजाब के समर्थन में नारेबाजी की। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी बृजेश कुशवाहा ने महिला पुलिसकर्मियों की मदद से प्रदर्शनकारी महिलाओं को रोका और उनसे प्रदर्शन की अनुमति दिखाने के लिए कहा। कोई अनुमति न होने पर पुलिस ने उनसे प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की।

इस बीच पुलिस ने उनसे पोस्टर-बैनर अपने कब्जे में लेना शुरू कर दिया। इस पर धक्कामुक्की हो गई। पोस्टर छीनने के दौरान थाना प्रभारी बृजेश कुशवाहा की वर्दी फट गई। हालांकि उनका कहना है कि प्रदर्शन स्थल के पास लोहे की जाली में अटकने से वर्दी फटी है। काफी देर तक जब महिलाएं नहीं मानीं तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को हटाया।

बृजेश कुमार कुशवाहा ने बताया कि प्रदर्शनकारी महिलाओं के बारे मेें जानकारी जुटाई जा रही है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार वह स्थानीय निवासी नहीं थीं। उनका पता लगाकर विधिक कार्रवाई की जाएगी। बिना अनुमति प्रदर्शन करने वाले लोगों की वीडियो से पहचान की जा रही है। इसमें रहीस को नामजद कर 15-20 महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

Exit mobile version